झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को दोपहर दो बजे शपथ लेंगे

hemant-soren-the-nominated-chief-minister-of-jharkhand-will-take-oath-on-december-29-at-2-pm
[email protected] । Dec 26 2019 7:47PM

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उनके दावे के अध्ययन के बाद 25 दिसंबर को उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री मनोनीत किया था और पद की शपथ के लिए आमंत्रित करने की अधिसूचना जारी की थी। राज्य में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में सभी 81विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे।

रांची। झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को दोहपर दो बजे यहां मोरहाबादी मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।आधिकारिक प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी । प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी ने आज झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके आवास पर आज शाम पौने पांच बजे उनसे मुलाकात की तथा उन्हें राज्य के आगामी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि तिवारी ने आज शाम लगभग पौने पांच बजेमनोनीत मुख्यमंत्री के कांके रोड स्थित आवास पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण दिया। हेमंत को दिये आमंत्रण के अनुसार राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू हेमन्त सोरेन को 29 दिसम्बर 2019 को अपराह्न 2 बजे स्थानीय मोरहाबादी मैदान में आयोजित एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगी।

इसे भी पढ़ें: झारखंड की 28 वर्षीय विधायक बोलीं, UPSC का सपना अधूरा रहने का हमेशा रहेगा मलाल

इससे पहले झारखंड विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन के नेता सोरेन ने अपने सहयोगी दलों कांग्रेस और राजद के नेताओं और विधायकों के साथ 24 दिसंबर की रात्रि राज्यपाल से मुलाकात कर 50 विधायकों के समर्थन से राज्य में अपनी सरकार के गठन का दावा पेश किया था। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उनके दावे के अध्ययन के बाद 25 दिसंबर को उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री मनोनीत किया था और पद की शपथ के लिए आमंत्रित करने की अधिसूचना जारी की थी।राज्य में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में सभी 81विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे और 23 दिसंबर को मतों की गिनती की गयी थी।इन चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को जहां सिर्फ 25 सीटें मिलीं वहीं गठबंधन को कुल 47 सीटें मिलीं, जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट हासिल हुई।

इसे भी पढ़ें: बीजेपी का कांग्रेस मुक्त भारत का ख्वाब देखने में तो अच्छा था, लेकिन हकीकत कुछ और निकली

इसके अलावा भाजपा की सहयोगी रही सुदेश महतो कीआजसू को दो सीटें मिली जबकि, बाबूलाल मरांडी की झारखंड विकास मोर्चा को तीन सीटें और अन्य को चार सीटें प्राप्त हुई।विपक्षी गठबंधन को तीन विधायकों वाली बाबूलाल मरांडी की झाविमो ने भीबिना शर्त सरकार से बाहर रहते हुए समर्थन देने की घोषणा की है।इस बीच बुधवार को सोरेन ने दिल्ली पहुंच कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी से मुलाकात की तथा उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से राज्य में सरकार के गठन और आगे की रणनीति पर भी विचार विमर्श किया। दिल्ली से लौट कर आज हेमंत सोरेन ने चारा घोटाले में सजायाफ्ता तथा न्यायिक हिरासत में स्थानीय रिम्स अस्पताल में इलाज करा रहे राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से भी मुलाकात की और समझा जाता है कि उन्होंने लालू से भी सरकार के गठन पर चर्चा की और उन्हें भी शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़