IAF के AN-32 और C-295 विमानों से चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर उतरे 23 पैरा कमांडो

IAF के AN-32 और C-295 विमानों से चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर उतरे 23 पैरा कमांडो
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को उत्तरकाशी जिले में स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर अपने नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास के तहत 23 पैरा कमांडो को सफलतापूर्वक उतारा। यह अभ्यास 12 से 21 नवंबर तक सीमावर्ती क्षेत्र में सामरिक और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

भारतीय वायुसेना के एएन-32 तथा सी—295 विमानों ने मंगलवार को उत्तरकाशी जिले में चीन सीमा के पास स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर भारतीय वायु सेना के 23 पैरा कमांडो को सफलतापूर्वक पहुंचाया। पूर्वाह्न 11 बजकर 13 मिनट पर एन—32 ने 15 पैरा कमांडो को और सी—295 विमान ने आठ पैरा कमांडो को चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर सफलतापूर्वक पहुंचाया। इन दोनों विमान से कमांडो को उतारने में 23 मिनट का समय लगा।

यह कवायद भारतीय वायुसेना के नॉर्थ इंडिया हिल्स अभ्यास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सामरिक तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सैन्य पहुंच को मजबूत करना है। चीन सीमा के बेहद नजदीक स्थित चिन्यालीसौड़ की यह अग्रिम हवाई पट्टी (एएलजी) भारतीय सेना और वायुसेना के लिए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। वायुसेना के इन दोनों बहुद्देश्यीय विमानों से करीब आठ हजार मीटर की ऊंचाई से जवान पैराशूट के जरिये रनवे पर उतरे।

चीन सीमा के नजदीक स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां 12 नवंबर से वायुसेना का दस दिवसीय अभ्यास चल रहा है, जो 21 नवंबर तक जारी रहेगा। अभ्यास के तहत सैन्य अभियानों और आपातकालीन परिस्थितियों में परिचालन तैयारियों को परखा जा रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़