President Murmu से मुलाकात पर सस्पेंस: INDIA Bloc बोला- हमारे सभी विकल्प खुले हैं

opposition
ANI
अंकित सिंह । Oct 9 2026 12:25PM

कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन के विरोध में INDIA गठबंधन के सांसद शुक्रवार को संविधान सदन में बैठक करेंगे। विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है और समय न मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

INDIA गठबंधन के सांसद शुक्रवार को दोपहर 3 बजे संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में मिलेंगे और कथित "वोट चोरी" के खिलाफ एक और विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि विपक्षी गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है और अगर उन्हें समय नहीं मिलता है, तो सभी विकल्प खुले हैं। सूत्रों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए संभावित जगहों में सेवा तीर्थ, राष्ट्रपति भवन, उपराष्ट्रपति का आवास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: भारत Banana Republic नहीं, Ram Madhav बोले- Starlink स्पेक्ट्रम पर नियम से होगा फैसला

अगर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन होता है, तो यह विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन का लगातार चौथा दिन होगा। गुरुवार को कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि INDIA गठबंधन ने राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने का समय मांगा था और वे राष्ट्रपति भवन से जवाब का इंतजार कर रहे हैं। वेणुगोपाल ने कहा कि पहली बार 2 अक्टूबर को अनुरोध भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने विपक्षी गठबंधन से उन नेताओं के नाम मांगे जो बैठक में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि हमने 5 अक्टूबर को नामों के साथ फिर से अनुरोध किया और 7, 8 या 9 अक्टूबर को अपॉइंटमेंट मांगा। वेणुगोपाल ने आगे कहा कि अब तक हमें कोई जवाब नहीं मिला है। हम शुक्रवार तक इंतज़ार करेंगे। पिछले हफ़्ते, INDIA गठबंधन ने SIR विवाद को लेकर एक जॉइंट एक्शन प्लान को अंतिम रूप दिया, जिसमें रैलियां और लोकतंत्र बचाओ मार्च शामिल थे। गुरुवार को, विपक्षी नेताओं ने राजघाट पर महात्मा गांधी के स्मारक पर धरना देकर अपना आंदोलन तेज़ कर दिया।

इसे भी पढ़ें: West Bengal Bypolls: डाक मतपत्रों में Nandigram और रेजीनगर से भाजपा उम्मीदवार आगे

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एक आपराधिक साज़िश के ज़रिए देश पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें कथित तौर पर वोट चोरी भी शामिल है। CEC और वोटर लिस्ट में कथित हेरफेर के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन का यह लगातार तीसरा दिन था। विपक्षी नेताओं ने कुमार के इस्तीफ़े तक अपना आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़