Kerala High Court ने संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन किया रद्द

केरल उच्च न्यायालय ने श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय की कुलपति से कथित मारपीट मामले में 16 छात्रों का निलंबन रद्द कर दिया है। अदालत ने विश्वविद्यालय को इन छात्रों के लिए अलग से परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। न्यायमूर्ति पी. वी. कुन्हीकृष्णन ने मामले से जुड़े चार प्रशासनिक आदेशों को निरस्त करते हुए नई जांच की अनुमति दी है।
केरल उच्च न्यायालय ने कलाडी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय की कुलपति सीजा थॉमस के साथ कथित मारपीट के मामले में निलंबित 16 छात्रों का निलंबन सोमवार को रद्द कर दिया। विश्वविद्यालय परिसर में सुविधाओं की कमी के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कुलपति के साथ कथित मारपीट की घटना हुई थी। न्यायमूर्ति पी. वी. कुन्हीकृष्णन ने विश्वविद्यालय की अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती देने वाली छात्रों की याचिकाएं स्वीकार कर लीं।
अदालत ने 16 छात्रों के निलंबन, मामले की जांच के लिए अनुशासन समिति के गठन, समिति की रिपोर्ट और विश्वविद्यालय के फैसले की बाद में की गई समीक्षा से संबंधित विश्वविद्यालय और उसकी कार्यकारी संस्था (सिंडिकेट) के चार आदेश रद्द कर दिए। अदालत ने विश्वविद्यालय को इन छात्रों के लिए अलग से परीक्षा आयोजित करने का भी निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि विश्वविद्यालय चाहे तो मामले की नए सिरे से जांच करा सकता है, लेकिन जांच लंबित रहने के दौरान छात्रों को दोबारा निलंबित नहीं किया जाना चाहिए।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि यदि नयी जांच में छात्र दोषी पाए जाते हैं तो उनके पहले निलंबन की 84 दिन की अवधि को ध्यान में रखा जाए। उसने कहा कि आगे जांच की संभावना को छात्रों के लिए अलग से परीक्षा आयोजित नहीं करने का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय परिसर में पर्याप्त सुविधाओं की कथित कमी को लेकर 13 अगस्त को सिंडिकेट की बैठक के दौरान एसएफआई के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया था।
इसके बाद 16 छात्रों को निलंबित कर दिया गया था। छात्रों पर कुलपति सीजा थॉमस का ‘प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार’ करने, उनके साथ धक्का-मुक्की करने और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया था। निलंबन के बाद कुछ छात्रों को परीक्षाओं में बैठने से रोक दिया गया था।
उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने शुरू में छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी थी, लेकिन विश्वविद्यालय ने इस आदेश को खंडपीठ में चुनौती दी। खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश पर रोक लगा दी थी। इसके बाद छात्रों ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया, जिसने उच्च न्यायालय की एकल पीठ को उनकी याचिका पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया।
इस बीच, विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने उच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव एस. सतीश ने प्रदर्शनकारी छात्रों को नींबू पानी पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई। एसएफआई की प्रदेश इकाई के सचिव पी. एस. संजीव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उच्च न्यायालय का फैसला छात्रों और संगठन की जीत है।
उन्होंने कहा कि छात्र ऐसे किसी काम के लिए माफी नहीं मांगेंगे, जो ‘‘उन्होंने किया ही नहीं है।’’ संजीव ने दावा किया कि यह फैसला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और राज्य सरकार के लिए झटका है। उन्होंने विश्वविद्यालय से छात्रों का निलंबन तत्काल वापस लेने और उनकी परीक्षाओं की व्यवस्था तेजी से किए जाने की मांग की। संजीव ने 20 दिन से अधिक समय तक चले आंदोलन का समर्थन करने वाले वामपंथी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने भूख हड़ताल करने वाले छह छात्रों और उनका समर्थन करने वाले 10 अन्य छात्रों की भी सराहना की। संजीव ने कहा कि उनके दृढ़ संकल्प के कारण आंदोलन जारी रह सका। एक प्रदर्शनकारी छात्र ने संवाददाताओं से कहा कि वे जल्द ही परीक्षा देंगे और उच्च न्यायालय के फैसले से पिछले तीन-चार महीनों से उन्हें हो रही परेशानियों का अंत हो गया है।
छात्र ने कहा, ‘‘हम जीवन में हार सकते हैं, लेकिन आरएसएस से नहीं हारेंगे।’’ एक अन्य छात्र ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और नेताओं ने एसएफआई कार्यकर्ताओं को निलंबित करके, गिरफ्तार कराकर और परीक्षाओं में बैठने से रोककर उन्हें निशाना बनाया। छात्र ने कहा कि सभी 16 छात्र विश्वविद्यालय परिसर में लौटेंगे और बिना माफी मांगे अपनी परीक्षाएं देंगे, क्योंकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। फैसले के बाद एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कलाडी शहर से विश्वविद्यालय परिसर तक विजय रैली निकाली।
इस दौरान उन्होंने कुलपति सीजा थॉमस और उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन के खिलाफ नारे लगाए।
अन्य न्यूज़













