TMC सांसद महुआ मोइत्रा के काफिले पर हमला, BJP समर्थकों पर लगाया पत्थर और अंडे फेंकने का आरोप

पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के काफिले पर कथित तौर पर अंडे और पत्थर फेंके गए। सांसद ने आरोप लगाया कि पुलिस की जानकारी में होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यक्रम में बाधा डाली। उन्होंने कलकत्ता उच्च न्यायालय के सुरक्षा आदेश का पालन न करने पर राज्य पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालीगंज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों के एक समूह ने उनकी कार और काफिले पर पत्थर तथा अंडे फेंके। उन्होंने आरोप लगाया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद राज्य पुलिस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही। कृष्णानगर की सांसद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार किए कई पोस्ट में दावा किया कि 80-90 भाजपा समर्थक गोबरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में उन पर हमला करने के लिए जमा हुए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को इस जमावड़े की पहले से जानकारी थी। मोइत्रा ने पोस्ट किया, ‘‘पश्चिम बंगाल पुलिस, पुलिस महानिदेशक और कृष्णानगर पुलिस का ध्यान इस ओर दिलाना चाहती हूं कि माननीय कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के तहत मेरी सुरक्षा की जिम्मेदारी आपकी है। कालीगंज के गोबरा ग्राम पंचायत क्षेत्र में भाजपा के 80-90 गुंडे मुझ पर हमला करने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
आपको इस बारे में सारी जानकारी है।’’ उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के साथ मिलीभगत करने और अदालत के आदेश पर की गई सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद उन्हें हमला करने देने का आरोप लगाया। तृणमूल सांसद ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, यह अदालत की अवमानना का उदाहरण है- जब मेरी सुरक्षा के लिए जवाबदेह पश्चिम बंगाल पुलिस भाजपा के साथ मिलीभगत करके मुझ पर दोबारा हमला करवाती है। तुषार मेहता, आपकी हिम्मत कैसे हुई कि आप अदालत में खड़े होकर इन सबका बचाव करें।
आपको मुझसे निपटना होगा। अब बहुत हो गया।’’ एक अन्य पोस्ट में मोइत्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस को स्थिति की पहले से जानकारी देने के बावजूद उसने प्रदर्शनकारियों को उनके कार्यक्रम में बाधा डालने दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पुलिस को सारी जानकारी देने के बावजूद उसने भाजपा की इस भीड़ को कार्यक्रम में बाधा डालने और पुलिस सुरक्षा के बीच मेरे काफिले पर हमला करने दिया।’’ घटनास्थल के दृश्यों में प्रदर्शनकारी काले झंडे लहराते और सांसद के काफिले के वहां से गुजरने के दौरान ‘वापस जाओ’ के नारे लगाते दिखाई दिए।
इन आरोपों पर पुलिस या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
अन्य न्यूज़














