Mandsaur Police ने 20 लाख रुपये की अफीम पकड़ी, Punjab ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 10 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे राजस्थान से लाकर पंजाब में खपाने की तैयारी थी। पुलिस फरार साथी की तलाश और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी है।

मध्यप्रदेश के मंदसौर में राजस्थान से लाई गई करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 10 किलो अफीम को पंजाब में खपाने की कोशिश में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान आरोपी के पास से रविवार शाम यह अवैध अफीम बरामद की।

सहायक पुलिस उप निरीक्षक मांगीलाल भाटी ने संवाददाताओं को बताया कि नारायणगढ़-मल्हारगढ़ रोड पर बालाजी मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे आरोपी मोहनलाल मीणा (25) की तलाशी लेने पर उसके बैग से 10 किलो अवैध अफीम बरामद की गई। उन्होंने कहा कि आरोपी राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के केशरपुरा का रहने वाला है और अफीम को जब्त कर उसे स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर और एक व्यक्ति था लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया, जिसकी तलाश जारी है।

भाटी ने बताया कि पूछताछ के दौरान मीणा ने बताया कि वह यह अफीम प्रतापगढ़ जिले के ग्राम झांतला से एक व्यक्ति के पास से लेकर आया था और उसे बेचने के लिए पंजाब लेकर जा रहा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से एक मोबाइल फोन और 500 रुपये नगद भी मिले हैं, जिसे जब्त कर मामले में आगे जांच जारी है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इसमें कोई अंतरराज्यीय गिरोह तो शामिल नहीं है।

उन्होंने बताया कि जब्त अवैध अफीम का बाजार मूल्य करीब 20 लाख रुपये है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़