Supreme Court Judicial Officers की मांगों पर सख्त, बोले- सेवा लाभ मांगने के बजाय काम करें

Supreme Court
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उच्चतम न्यायालय ने सेवा सुविधाओं और सेवानिवृत्ति लाभों की मांग को लेकर बार-बार याचिका दायर करने पर न्यायिक अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। पीठ ने उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे काम पर ध्यान देने के बजाय लगातार सुविधाओं की मांग में लगे रहते हैं, जबकि लोग अदालतों में सुनवाई का इंतजार करते रहते हैं।

उच्चतम न्यायालय ने सेवा संबंधी सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए न्यायिक अधिकारियों के बार-बार अदालत का रुख करने पर सोमवार को कड़ी नाराजगी जताई। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने निचली अदालतों में न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता और उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने केरल में वकालत के पेशे से जुड़े उम्मीदवारों के लिए निर्धारित सीधी भर्ती कोटे के तहत जिला न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित मामले की सुनवाई के दौरान ये टिप्पणियां कीं। 

प्रधान न्यायाधीश ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘अब वे कुछ ज्यादा ही मांगें करने लगे हैं। हर मामले में न्यायिक अधिकारी आवेदन दाखिल कर कहते हैं कि हमें यह सुविधा दी जाए। वे अदालतों में काम क्यों नहीं करते? हमें पता है कि वे कितने मामलों का निपटारा करते हैं और दिनभर क्या करते रहते हैं।’’ 

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने अदालतों के कामकाजी समय के दौरान न्यायिक अधिकारियों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘आप सुबह 10 बजे अदालत जाइए। वहां कोई नहीं मिलेगा। वे अपने कक्ष में बैठकर कॉफी पी रहे होते हैं। जैसे हमें पता ही नहीं है कि वहां क्या हो रहा है।’’ 

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘वे चौबीसों घंटे यही सोचते रहते हैं कि उन्हें कौन-कौन सी सुविधाएं और सेवा संबंधी लाभ मिल रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाई जा रही है या नहीं। बाहर लोग कतारों में इंतजार कर रहे होते हैं, लेकिन वे उनके मामलों की सुनवाई नहीं करते।’’ प्रधान न्यायाधीश ने सेवानिवृत्ति की आयु, भत्तों और अन्य सुविधाओं सहित सेवा शर्तों से जुड़ी मांगों को न्यायिक अधिकारियों द्वारा बार-बार उठाए जाने की भी आलोचना की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़