Manipur में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, KYKL के 2 उग्रवादी और 4 रंगदार दबोचे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मणिपुर पुलिस और सेना ने अलग-अलग अभियानों में जबरन वसूली करने वाले चार लोगों और प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को पकड़ा है। बिष्णुपुर में सब्जी वाहनों से वसूली करते हुए चार आरोपियों को कार और नकदी समेत पकड़ा गया। वहीं इंफाल पूर्वी जिले से केवाईकेएल संगठन के दो उग्रवादियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली के आरोप में चार लोगों और एक प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चार लोगों को सोमवार को बिष्णुपुर जिले में नंगखलावाई पावर स्टेशन के पास सब्जियां ले जा रहे वाहनों से जबरन पैसे वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अंगोम किशन (22), चितरंजन चिंगाखम (20), ताखेल्लंबम ओजित सिंह (27) और एच. जॉनसन शर्मा (26) के रूप में हुई है। उनके पास से एक कार भी बरामद की गई, जिसमें जबरन वसूली से प्राप्त रकम रखी हुई थी। अधिकारी ने बताया कि इंफाल पूर्वी जिले के न्यू चेकॉन इलाके से रविवार को राज्य पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल) के दो सदस्यों लइशराम होमेन सिंह (45) और मोइरांगथेम रोबेन सिंह (54) को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि उनके पास से तीन पिस्तौल, तीन मैगजीन, 18 कारतूस, हथियार रखने का एक फर्जी लाइसेंस और अन्य सामान जब्त किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़