मेरठ में अधिवक्ता के घर चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया, चार गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने गढ़ रोड पर एक अधिवक्ता के मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और गहने उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। नौचंदी मैदान के पास से पकड़े गए चारों आरोपियों से नकदी, आभूषण और चार अवैध तमंचे मिले हैं।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक अधिवक्ता के घर का दरवाजा तोड़कर आठ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। नौचंदी थाना प्रभारी अरुण भाटी ने शनिवार को बताया कि गढ़ रोड स्थित बैक कॉलोनी निवासी अधिवक्ता सुनील कुमार ने 16 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 14-15 नवंबर की मध्यरात्रि उनके घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अलमारी में रखे आठ लाख रुपये और आभूषण चोरी कर लिए गए।
पुलिस ने 21 नवंबर को नौचंदी ग्राउंड में अशोक की लाट के पास से बलरामपुर निवासी सलीम उर्फ शाहिल शेख, गुजरात निवासी राजकुमार उर्फ रामकुमार उर्फ पांचाला, शाहजहांपुर निवासी सरफराज हुसैन और मेरठ निवासी दानिश को गिरफ्तार किया। उनके पास से डेढ़ लाख रुपये नकद, चांदी के आभूषण, टैबलेट, मोबाइल फोन, घड़ियां, स्पीकर, ईयरबड, चोरी में इस्तेमाल औजार, चार तमंचे और चार कारतूस बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अन्य न्यूज़













