कश्मीर घाटी में निकली धूप, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे

minimum-temperature-below-zero-in-srinagar-kashmir
[email protected] । Jan 15 2019 4:00PM

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे स्थान कारगिल क्षेत्र के द्रास में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 26.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को तापमान में मामूली सुधार के साथ ही पूरी कश्मीर घाटी में अच्छी धूप खिली रही। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया, जबकि इससे पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। घाटी का प्रवेशद्वार माने जाने वाले दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड का तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पास के कोकेरनाग शहर में सोमवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें : कश्मीर में शीतलहर जारी, लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 15.8 डिग्री सेल्सियस नीचे

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दुनिया के दूसरे सबसे ठंडे स्थान कारगिल क्षेत्र के द्रास में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 26.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कारगिल में पारा शून्य से 19.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि लेह क्षेत्र का तापमान शून्य से 17.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। 

इसे भी पढ़ें : बर्फबारी से बढ़ी उत्तर भारत में ठंड, तापमान में भारी गिरावट

गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे और अधिकतम शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है, जिसके बाद शुक्रवार से फिर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। कश्मीर में अभी 40 दिनों तक चलने वाले ठंड की चरम अवधि ‘चिल्लई-कलाँ’ का दौर चल रहा है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़