NCB ने असम में 43 करोड़ रुपये की ड्रग्स पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने गुवाहाटी में दो ट्रकों के ईंधन टैंकों से 53.93 किलोग्राम मेथामफेटामीन बरामद कर मणिपुर के दो लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक म्यांमा से लाई गई याबा टैबलेट की इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 43 करोड़ रुपये आंकी गई है। एजेंसी ने एक अलग अभियान में छह अन्य वांछित आरोपियों को भी हिरासत में लिया है।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने असम में दो ट्रकों के ईंधन टैंकों में छिपाकर रखी गई करीब 43 करोड़ रुपये की 53.93 किलोग्राम मेथामफेटामीन जब्त की और मणिपुर के दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई छह अक्टूबर को गुवाहाटी में की गई और मादक पदार्थों की यह खेप म्यांमा से मंगाई गई थी।
उन्होंने बताया कि दो ट्रकों से कुल 53.93 किलोग्राम मेथामफेटामीन (याबा टैबलेट) जब्त की गई। उन्होंने बताया कि इन मादक पदार्थों को ईंधन टैंकों के भीतर छिपाया गया था। एनसीबी के इस अभियान में मणिपुर के बिष्णुपुर के रहने वाले दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों के अवैध बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 43 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य अभियान में केंद्रीय मादक पदार्थ रोधी एजेंसी ने वांछित छह आरोपियों को भी हिरासत में लिया।
अन्य न्यूज़













