NIA Court ने आतंकी Mushtaq Ahmed Mir को भगोड़ा घोषित किया, टेरर फंडिंग से जुड़ा है मामला

NIA Court ने आतंकी Mushtaq Ahmed Mir को भगोड़ा घोषित किया, टेरर फंडिंग से जुड़ा है मामला
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जम्मू स्थित विशेष अदालत ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी मुस्ताक अहमद मीर को एक पुराने टेरर फंडिंग मामले में भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत यह कार्रवाई एनआईए की याचिका पर की गई है। अदालत ने पाया कि गैर-जमानती वारंट और सार्वजनिक नोटिस के बावजूद आरोपी पेश होने में नाकाम रहा।

जम्मू की एक विशेष अदालत ने अल-हुदा एजुकेशन ट्रस्ट (एएचईटी) से जुड़ी कथित आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण और प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी की गैरकानूनी गतिविधियों से संबंधित 2022 के एक मामले में पाकिस्तान स्थित एक आतंकवादी को भगोड़ा अपराधी करार दिया है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) मामलों के विशेष न्यायाधीश प्रेम सागर ने जांच एजेंसी की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत दायर याचिका का निपटारा करते हुए राजौरी जिले के दरहाल तहसील स्थित थानमंग गांव निवासी मुस्ताक अहमद मीर को भगोड़ा अपराधी करार दिया। अदालत ने कहा कि मीर के खिलाफ पहले ही गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे, लेकिन उसे न तो गिरफ्तार किया जा सका और न ही वह भगोड़ा घोषित करने की कार्यवाही शुरू होने और समाचार-पत्रों में नोटिस जारी किये जाने के बावजूद अदालत के समक्ष पेश हुआ।

मीर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के लिए 1995-96 में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर गया था और फिलहाल वह पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से अपनी गतिविधियों को संचालित कर रहा है। एनआईए का यह मामला उन आरोपों से संबंधित है, जिनके अनुसार फरवरी 2019 में जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) को गैरकानूनी संगठन घोषित किए जाने के बाद भी उसके लिए अल-हुदा एजुकेशन ट्रस्ट (एएचईटी) के जरिये धन जुटाया गया और जेईआई को उपलब्ध कराया गया। एनआईए की विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में प्रतिबंधित संगठन की गतिविधियों के लिए कथित तौर पर धन जुटाने और उसका इस्तेमाल करने के मामले में मीर और एएचईटी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे।

अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष के प्रयासों के बावजूद मीर की जल्द गिरफ्तारी की कोई संभावना नहीं दिख रही है। इसके बाद अदालत ने एनआईए की याचिका स्वीकार करते हुए मीर को ‘भगोड़ा’ अपराधी करार दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़