NIT Hamirpur के Media Conclave में बोले प्रो केजी सुरेश, एक्टिविस्ट नहीं फैक्टिविस्ट बनें पत्रकार

एनआईटी हमीरपुर में शिक्षा महाकुंभ के मीडिया कॉन्क्लेव में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और डिजिटल साक्षरता पर मंथन हुआ। मुख्य वक्ता प्रो. केजी सुरेश ने पत्रकारों को सक्रियता के बजाय तथ्यपरक और समाधान-केंद्रित पत्रकारिता अपनाने की सलाह दी। विशेषज्ञों ने भ्रामक सूचनाओं के बढ़ते प्रसार के बीच मीडिया को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाए रखने पर बल दिया।
हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में आयोजित शिक्षा महाकुंभ 6.0 के दूसरे दिन मीडिया कॉन्क्लेव में ‘विजुअलाइजिंग द वर्ल्ड विद द पावर ऑफ ट्रुथ’ विषय पर व्यापक मंथन हुआ। कॉन्क्लेव में मीडिया की विश्वसनीयता, तथ्यपरक पत्रकारिता, सूचना के बढ़ते प्रवाह, दुष्प्रचार, डिजिटल साक्षरता और समाधान-केंद्रित पत्रकारिता की आवश्यकता पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। मुख्य वक्ता इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. डॉ. केजी सुरेश ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल किसी मुद्दे पर सक्रियता दिखाना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर सत्य को सामने लाना होना चाहिए। उन्होंने कहा, “Don’t be activist, be factivist.”
सूचना के दौर में विश्वसनीयता का संकट
मुख्य वक्ता प्रो. केजी सुरेश ने कहा कि सत्य की व्याख्या अलग-अलग लोगों के लिए अलग हो सकती है, लेकिन पत्रकारिता में तथ्यों और सभी संबंधित पक्षों को उचित स्थान मिलना चाहिए। वर्तमान समय में विश्व स्तर पर विश्वसनीयता का संकट है और मीडिया भी इससे अछूता नहीं है। एक समय था, जब समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों पर लोग सहज विश्वास करते थे, लेकिन आज पाठक समाचारों को संदेह की दृष्टि से देखते हैं। ऐसे में मीडिया को अपनी भूमिका, कार्यशैली और विश्वसनीयता को नए सिरे से मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और वैचारिक मुद्दों पर विमर्श का संघर्ष चल रहा है। चारों ओर सूचनाओं की बाढ़ है और कंटेंट निर्माण तेजी से बढ़ा है। ऐसे वातावरण में सही और गलत सूचना के बीच अंतर करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया को तथ्यों की पुष्टि किए बिना अधपकी खबरें परोसने से बचना चाहिए और जमीनी रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देनी चाहिए।
हर व्यक्ति बन गया है ‘प्रोस्यूमर’
प्रो. सुरेश ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक व्यक्ति सूचना का उपभोक्ता होने के साथ-साथ उसका निर्माता और प्रसारक भी बन गया है। इसीलिए आज हर व्यक्ति को ‘प्रोस्यूमर’ कहा जा सकता है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने सूचना के प्रसार को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ भ्रामक सूचनाओं के तेजी से फैलने का खतरा भी बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि भारत तक्षशिला और नालंदा जैसी ज्ञान परंपराओं का देश रहा है, जिसने विश्व को ज्ञान दिया। इसके बावजूद आज युवा कई बार प्रमाणित ज्ञान के बजाय सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर निर्भर हो जाते हैं। उन्होंने इस प्रवृत्ति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि सूचना की अधिकता के इस दौर में तथ्य-जांच, मीडिया साक्षरता और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने कहानी कहने की कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभावी संप्रेषण के लिए तथ्य जितने जरूरी हैं, उतना ही महत्वपूर्ण उन्हें प्रस्तुत करने का तरीका भी है। गुफा चित्रों, जातक कथाओं, पंचतंत्र, रामायण और दादा-दादी की कहानियों के माध्यम से भारतीय समाज में पीढ़ी-दर-पीढ़ी मूल्यों और ज्ञान का संचार होता रहा है। स्मृति और श्रुति की परंपराओं ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध बनाया है। आज भी प्रभावी कहानी कथन तथ्यों को जनसामान्य तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन सकता है।
समस्या-केंद्रित नहीं, समाधान-केंद्रित हो पत्रकारिता
प्रो. केजी सुरेश ने कहा कि पत्रकारिता को केवल समस्याओं और कमियों को उजागर करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके संभावित समाधान भी सामने लाने चाहिए। उन्होंने समाधान-केंद्रित पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि मीडिया को आलोचनात्मक दृष्टिकोण के साथ-साथ सकारात्मक बदलाव की संभावनाओं को भी पहचानना होगा।
उन्होंने ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय मुद्दों, स्थानीय अनुभवों और समाज की वास्तविक जरूरतों को प्रभावी ढंग से सामने लाना जरूरी है। मीडिया को ऐसा विमर्श तैयार करना चाहिए, जो समाज को समस्याओं के प्रति जागरूक करने के साथ उनके समाधान की दिशा में भी प्रेरित करे।
उन्होंने कहा कि सक्रिय और सशक्त लोकतंत्र के लिए जागरूक मतदाता आवश्यक है, उसी तरह सशक्त मीडिया के लिए जागरूक पाठक और जिम्मेदार नागरिक जरूरी हैं। मीडिया साक्षरता और डिजिटल साक्षरता के माध्यम से ऐसा जनमत तैयार किया जाना चाहिए, जो सही, सटीक और प्रमाणित सूचनाओं के आधार पर निर्णय ले सके।
‘ज्ञान में लीन रहने वाला भारत है’
विशिष्ट वक्ता के रूप में भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), जम्मू के निदेशक प्रो. दिलीप कुमार ने कहा कि जो ज्ञान में लीन रहता है, वही भारत है। उन्होंने मीडिया की सामाजिक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि मीडिया समाज को बनाने और बिगाड़ने, दोनों की क्षमता रखता है। इसलिए पत्रकारिता में तथ्यों की पुष्टि और जिम्मेदार प्रस्तुति अनिवार्य है।
उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता को केवल व्यावसायिक लाभ तक सीमित नहीं होना चाहिए। पत्रकार का दायित्व समाज के प्रति भी है। खबर लिखते समय तथ्यों, भाषा और सामाजिक प्रभाव का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “पत्रकार बनिए, पत्र के आकार का मत बनिए।” उनके इस कथन के माध्यम से पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और पेशेवर नैतिकता पर जोर दिया गया।
माल्यार्पण से शुरुआत, राष्ट्रगान के साथ समापन
मीडिया कॉन्क्लेव का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. बाला लखेंद्र ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया और कॉन्क्लेव के उद्देश्यों एवं विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डॉ. योगेश गुप्ता, डॉ. कौशिक और प्रो. दीपक वैष्णव सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अनामिका पांडेय ने किया, जबकि आरती शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कॉन्क्लेव का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
अन्य न्यूज़













