PM Modi के 25 साल पूरे होने पर Arunachal Cabinet ने पारित किया प्रस्ताव, कई कल्याणकारी योजनाओं को मंजूरी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता में हुई बैठक में अरुणाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। इसके साथ ही राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 12 श्रेणियों के पदों के लिए भर्ती नियमों को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं, खाद्य सुरक्षा और संकटग्रस्त महिलाओं की मदद से जुड़े कदमों को भी हरी झंडी मिली।

अरुणाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने की बधाई देते हुए रविवार को एक प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता वाले मंत्रिमंडल ने सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेज में शिक्षण और तकनीकी पदों की 12 श्रेणियों के लिए भर्ती नियमों को भी मंजूरी दे दी। मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य देखभाल, खाद्य सुरक्षा और संकटग्रस्त महिलाओं के लिए सहायता को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वेतन संबंधी असमानताओं को दूर करने के उपायों को भी स्वीकृति दी।

नवरात्र के पहले दिन पारित प्रस्ताव में मंत्रिमंडल ने कहा कि मोदी का सार्वजनिक जीवन देश के प्रति सेवा और समर्पण के सिद्धांत से प्रेरित रहा है। प्रस्ताव में मोदी के नेतृत्व में लिए गए अहम फैसलों का जिक्र किया गया, जिनमें अनुच्छेद-370 को हटाया जाना, औपनिवेशिक दौर के आपराधिक कानून की जगह भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) को लाया जाना और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू किया जाना शामिल है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़