UN में भारत ने कहा-आतंकवादियों का पाकिस्तान सबसे बड़ा प्रश्रयदाता, उसने लादेन को छुपाया था

India

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि पाकिस्तान, “संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादियों का सबसे बड़ा प्रश्रयदाता है” और उसे एबटाबाद याद रखना चाहिए जहां अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन कई सालों तक छिपा रहा और अंततः मारा गया।

संयुक्त राष्ट्र। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि पाकिस्तान, “संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादियों का सबसे बड़ा प्रश्रयदाता है” और उसे एबटाबाद याद रखना चाहिए जहां अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन कई सालों तक छिपा रहा और अंततः मारा गया। संरा महासचिव एंतोनियो गुतारेस को पाकिस्तान के राजनयिक द्वारा एक डोजियर सौंपा गया था जिसके जवाब में भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत टी एस तिरुमूर्ति ने ट्वीट किया कि पाकिस्तान की ओर से दिया गया डोजियर “झूठ का पुलिंदा है और उसकी कोई विश्वसनीयता नहीं है।”

इसे भी पढ़ें: अफगानिस्तान में शांति व समृद्धि के लिए उसके सहयोगी अपनी भूमिका निभाएं : UN प्रमुख

उन्होंने कहा, “फर्जी दस्तावेज देना और झूठा कथानक गढ़ना पाकिस्तान के लिए नयी बात नहीं है। वह संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादियों का सबसे बड़ा प्रश्रयदाता है। उसे एबटाबाद याद रखना चाहिए।” संयुक्त राष्ट्र में इस्लामाबाद के राजनयिक मुनीर अकरम ने गुतारेस से भेंट कर उन्हें पाकिस्तान सरकार की ओर से एक डोजियर सौंपा था और आरोप लगाया था भारत उनके देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।

इसे भी पढ़ें: जमात उद दावा चीफ हाफिज सईद को 10 साल कैद, पाकिस्तान की आतंक निरोधी अदालत ने सुनाया फैसला

तिरुमूर्ति ने अपने ट्वीट में पाकिस्तान के शहर एबटाबाद की याद दिलाई जहां बिन लादेन कई सालों तक छिपा रहा और मई 2011 में अमेरिकी नौसेना के सील कमांडों के दस्ते ने उसे मार गिराया था। विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने सोमवार को अमेरिका, रूस, फ्रांस और जापान जैसे बड़े देशों के दूतों को पाकिस्तान स्थित जैश ए मोहम्मद आतंकी संगठन द्वारा जम्मू कश्मीर के नगरोटा में हमले की साजिश से अवगत कराया था। भारतीय सुरक्षा बलों ने 19 नवंबर को आतंकवादियों की इस साजिश को नाकाम करते हुए मुठभेड़ में चार आतंकवादियों को मार गिराया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़