कुमारस्वामी के बयान पर पीएम ने साधा निशाना, कहा- 100 साल तक कांग्रेस को कोई नहीं देगा वोट

pm-announces-a-statement-on-kumaraswamy-s-statement-congress-will-not-vote-for-congress-for-100-years

मोदी ने कहा, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने बयान दिया है कि सेना में वे लोग जाते हैं, जिनको खाने के लिये रोटी नहीं होती है, भूखे मरते हैं। इसलिये सेना में जाते हैं।’’

खरगोन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी द्वारा सेना के जवानों पर दिये गये विवादित बयान पर कांग्रेस को घेरते हुए शुक्रवार को कहा कि इसे सुनने के बाद इस देश का कोई व्यक्ति आने वाले 100 साल तक कभी कांग्रेस को वोट नहीं देगा। खरगोन लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र पटेल के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने बयान दिया है कि सेना में वे लोग जाते हैं, जिनको खाने के लिये रोटी नहीं होती है, भूखे मरते हैं। इसलिये सेना में जाते हैं।’’

इसे भी पढ़ें: गोडसे वाले बयान से नाराज पीएम मोदी, कहा- प्रज्ञा को मन से माफ नहीं कर पाऊंगा

उन्होंने जनता से सवाल किया, ‘‘ये हमारे युवाओं का अपमान, देश का अपमान, आदिवासियों का अपमान, वीर सिपाहियों का अपमान हैं कि नहीं है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘सीमा पर वह (सेना का जवान) रोटी खाने के लिए नहीं, वह गोली खाने के लिए तैयार रहता है। वह अपने सपनों के लिए नहीं, देश के सपने के लिए अपना जीवन खपा देता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री का बयान सुनने के बाद इस देश का कोई व्यक्ति आने वाले 100 साल तक कभी कांग्रेस को वोट नहीं देगा। ऐसा गंदा बयान दिया है (कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने)।’’ मोदी ने कहा, ‘‘अभी तक कांग्रेस ने इस बयान से उनका लेना-देना नहीं है, यह बोलने की कोशिश नहीं की। कांग्रेस (नेताओं) के मुंह से (इस बयान के बारे में) आवाज नहीं निकल रही है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़