गुजरात और राजस्थान में सड़क हादसों पर PM Modi ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के कच्छ और राजस्थान के कोटा में हुए सड़क हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इन दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। कच्छ में सेना के परिजनों की कार और कोटा में क्रूजर वाहन की टक्कर में कई लोगों की जान चली गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात और राजस्थान में हुए दो सड़क हादसों में लोगों की मौत पर रविवार को शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। गुजरात के कच्छ जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की कार से टक्कर हो जाने के कारण सेना के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुजरात के कच्छ में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

राजस्थान में हुए हादसे पर मोदी ने कहा कि कोटा में हुई दुखद दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने इस हादसे में भी जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

रविवार तड़के कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार क्रूजर वाहन टकरा गया। इस हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़