पीएम मोदी का आरोप, कांग्रेस ने आर्टिकल 370 का मामला लटकाकर छोड़ा हुआ था

pm-modi-s-charge-congress-had-left-the-case-of-article-370-hanging
अंकित सिंह । Nov 25 2019 1:49PM

भाजपा ने झारखंड को स्थिर सरकार दी है। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन रात काम किया है और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के डालटनगंज में एक चुनावी सभा में कहा कि भाजपा ने पिछले पांच साल में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए दिन-रात काम किया, झारखंड में नक्सलवाद पर लगाम लगाने की कोशिशें की गई। PM ने कहा कि झारखंड की धरती और उसमे भी पलामू भाजपा के लिए एक मजबूत किला रहा है। आज अगर पूरे भारत में कमल शान से खिला है तो इसमें बहुत बड़ी भूमिका यहां की जनता, भाजपा कार्यकर्ता और आप सबका आशीर्वाद की है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की अगवाई में एक स्थिर और मजबूत सरकार का दोबारा बनना यहां बहुत जरूरी है। क्योंकि झारखंड युवावस्था में है, अभी राज्य को जो दिशा मिलेगी, उसका झारखंड के भविष्य पर बहुत प्रभाव पड़ेगा। भाजपा सरकार ने नए झारखंड के लिए सामाजिक न्याय के पांच सूत्रों पर काम किया है। पहला सूत्र है- स्थिरता, दूसरा सूत्र है- सुशासन, तीसरा सूत्र है- समृद्धि, चौथा सूत्र है- सम्मान और पांचवासूत्र है- सुरक्षा है। भाजपा ने झारखंड को स्थिर सरकार दी है। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन रात काम किया है और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। भाजपा ने झारखंड में समृद्धि का मार्ग खोला है। भाजपा ने झारखंड के हर समाज के व्यक्ति को सम्मान से जीने का हक दिलाया है, उसका गौरव बढ़ाया है। भाजपा ने झारखंड को नक्सलवाद और अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए, भयमुक्त वातावरण के लिए प्रयास किया है। झारखंड में नक्सलवाद की ये समस्या इसलिए भी बेकाबू हुई क्योंकि यहां राजनीतिक अस्थिरता थी। यहां सरकारें पिछले दरवाज़े से बनती और बिगाड़ी जाती थीं। क्योंकि उनके मूल में स्वार्थ और करप्शन होता था। 

इसे भी पढ़ें: कुमारस्वामी ने देश के आर्थिक हालात को लेकर प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के ईमानदार प्रयासों से ही आज झारखंड के गाँव गांव में सड़कें और बिजली पहुंच रही है। बदलते हुए हालात में अब यहां रोजगार के नए साधन तैयार हो रहे हैं। विरोधी हताशा में कुछ भी कहें, लेकिन आपके जल, जमीन और जंगल की सुरक्षा और आपके हितों पर भाजपा कोई आंच नहीं आने देगी। आज देश में हर गरीब परिवार को अपना पक्का घर मिल रहा है। जिन्हें अभी नहीं मिला है उन्हें मैं विश्वास दिलाता हूं कि काम तेजी से चल रहा है, 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे तो कोई ऐसा परिवार नहीं होगा जिसका अपना पक्का घर न हो। हर गरीब परिवार को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। झारखंड के लिए ये गौरव की बात है कि पूरे देश को आयुष्मान बनाने के लिए शुरु की गई ऐतिहासिक आयुष्मान योजना की शुरुआत झारखंड से ही की गई थी। पीएम सम्मान निधि से भी देश के किसान परिवार के बैंक खाते में सीधी मदद पहुंच रही है। लेकिन झारखंड देश का ऐसा राज्य है जहां छोटे किसानों को 25,000 रुपये तक की मदद अतिरिक्त मिल रही है। 

इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र में राजनीतिक उजाला या काला धब्बा?

मोदी ने दावा किया कि भाजपा ने जो भी वादे किए थे, वो एक के बाद एक ज़मीन पर उतारे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस और उसके साथी हैं, जो सिर्फ रेवड़ियां बांटना जानते हैं। उनके पास समस्याएं हैं, हमारे पास समाधान हैं। ये चुनाव सिर्फ दलों के बीच का नहीं है, बल्कि झारखंड को लूटने वालों और झारखंड के लोगों की सेवा करने वालों के बीच है। ये चुनाव दो कार्य संस्कृतियों के बीच का है, दो धाराओं के बीच का है। किसान की मेहनत, सपने और उसकी गरिमा क्या होती है, ये भाजपा समझती है। दिल्ली और रांची में भाजपा की सरकार बनने के बाद इस प्रोजेक्ट से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। सरकार में वापसी के बाद इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। कांग्रेस और उसके साथी दलों ने आर्टिकल 370 का मामला लटकाकर छोड़ा हुआ था। जम्मू कश्मीर की सुरक्षा के लिए यहां के अनेक वीर जवानों को बलिदान देना पड़ा। इन सब के जिम्मेदार हैं कांग्रेस और उसके सहयोगी दल। भाजपा ने अपना वादा पूरा करके दिखाया है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़