IIT Kharagpur के 75 वर्ष पूरे: PM Modi स्मारक सिक्का जारी करेंगे और छात्रों से करेंगे संवाद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर स्थित आईआईटी खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को शामिल होंगे। इस दौरान वह एक स्मारक सिक्का जारी करने के साथ ही 75 विद्यार्थियों से विकसित भारत पहल पर चर्चा करेंगे। वह सस्ती उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े नए नवाचारों का भी जायजा लेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में शनिवार को भाग लेंगे, एक स्मारक सिक्के का अनावरण करेंगे और विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मोदी पूर्वाह्न करीब पौने 10 बजे पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित संस्थान के परिसर पहुंचेंगे।

इस दौरे में प्रधानमंत्री चिकित्सा सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर बनाने के लिए विकसित की गई किफायती उन्नत चिकित्सा प्रौद्योगिकी और दूरदराज के इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने से जुड़े नवोन्मेषों का अवलोकन करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री संस्थान के सभागार में ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के तहत विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक सिक्के का अनावरण करेंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे।

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री आईआईटी खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में भाग लेंगे। वह संस्थान की 75 वर्ष की यात्रा के प्रतीक के रूप में आईआईटी खड़गपुर के 75 विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे।’’ बयान में कहा गया कि 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त इस संस्थान ने भारत में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवोन्मेष को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री के इस दौरे के समय पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। आईआईटी खड़गपुर भारत में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के प्रमुख संस्थानों में से एक के रूप में उभरा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़