प्रज्ञा ठाकुर के लापता के लगे पोस्टर, MP भाजपा ने कहा- उपचार के लिए एम्स में हैं भर्ती

Pragya Thakur

प्रज्ञा के निर्देश पर भोपाल और पूरे संसदीय क्षेत्र में भोजन और राशन का सामान वितरण जैसे सहायता कार्य चल रहे हैंजबकि दिग्विजय सिंह सार्वजनिक तौर पर अपनी मौजूदगी बताकर केवल ‘‘राजनीति’’ कर रहे हैं।

भोपाल। भोपाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से एक चलित अस्पताल सेवा शुरू करने के बाद भी शुक्रवार को उनके ‘‘लापता’’ होने के पोस्टर शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे दिखाई दिये। भाजपा के प्रवक्ता ने बताया कि कैंसर और आंखों के इलाज के लिए प्रज्ञा अस्पताल में भर्ती हैं। भोपालमें लगे इन अनाम पोस्टरों में कहा गया है कि शहर के लोग कोरोना संक्रमण की महामारी से परेशान हैं और ऐसे में भोपाल की भाजपा सांसद लापता हैं। इस बीच, सांसद प्रज्ञा ने वीडियों कॉल के माध्यम से सहकार भारती द्वारा बैरागढ़ चिचली क्षेत्र में संचालित चलित अस्पताल सेवा शुरू की। सहकार भारती के पदाधिकारी उमाकांत दीक्षित ने दावा किया कि प्रज्ञा लापता नहीं हैं बल्कि दिल्ली के एक अस्पताल में हैं और स्वस्थ्य नहीं हैं। 

इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश इलाज की सर्वोत्‍तम व्यवस्था सुनिश्चित कर मृत्यु दर कम करें

दीक्षित ने कहा कि वह फोन पर कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं और कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडाउन की वजह से परेशान प्रवासियों, विद्वार्थियों और जरूरतमंदों की मदद कर रही हैं। भोपाल दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने इन पोस्टरों का समर्थन करते हुए कहा कि इस संकटपूर्ण समय में लोगों को अपनी सांसद प्रज्ञा ठाकुर के बारे में जानने का हक है। शर्मा ने दावा किया कि पिछले लोकसभा चुनाव में प्रज्ञा ठाकुर से 3.60 लाख मतों से पराजित होने के बाद भी कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह लॉकडाउन के दौरान शहर में रहकर लोगों की हर संभव सहायता कर रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: मध्यप्रदेश में कोरोना के 192 नए मामले, कुल संक्रमितों की संख्या 7,645 हुई

वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठरी ने स्पष्ट किया कि कैंसर और आंखों के उपचार के लिए प्रज्ञा ठाकुर दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। प्रज्ञा के निर्देश पर भोपाल और पूरे संसदीय क्षेत्र में भोजन और राशन का सामान वितरण जैसे सहायता कार्य चल रहे हैंजबकि दिग्विजय सिंह सार्वजनिक तौर पर अपनी मौजूदगी बताकर केवल ‘‘राजनीति’’ कर रहे हैं। इससे पहले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से उनके सांसद पुत्र नकुल नाथ के लापता होने के पोस्टर छिदंवाड़ा में लगाये गय थे। इसके साथ ही कांग्रेस से भाजपा में गये नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी लापता होने के पोस्टर ग्वालियर में लगाये गये थे। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़