PM Narendra Modi के 25 साल पूरे होने पर पुष्कर सिंह धामी ने की विशेष पूजा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए देश को नई ऊर्जा देने के उनके प्रयासों की सराहना की।
देहरादून, सात अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उन्हें बधाई दी तथा उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा—अर्चना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का काल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और नई उर्जा देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य का विषय है।’’ इससे पहले, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक संदेश में प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तथा देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रधानमंत्री का संकल्प सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से उत्तराखंड सरकार भी राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
अन्य न्यूज़













