चुनाव आते ही भाजपा को राम याद आयेः शिवपाल

[email protected] । Oct 18 2016 4:52PM

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आ गये हैं अब तो भाजपा को राम और अयोध्या याद आयेंगे ही।

कानपुर। अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी के प्रस्तावित म्यूजियम पर निशाना साधते हुये उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आ गये हैं अब तो भाजपा को राम और अयोध्या याद आयेंगे ही। उनसे जब कहा गया कि उत्तर प्रदेश सरकार भी रामलीला संकुल थीम पार्क बना रही है, इस सवाल को टालते हुये उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले चुनाव के समय जो भी वायदे किये थे वह पूरे किये।

यादव आज कानपुर के बाहरी इलाके में स्थित मेहरबान सिंह का पुरवा में पुराने समाजवादी नेता हरमोहन सिंह यादव की याद में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आये थे। कार्यक्रम में अव्यवस्था का आलम यह था कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की मंच पर जबरदस्त भीड़ के हो हल्ले से उनका भाषण तक जनता ठीक से नहीं सुन सकी। यादव आज पत्रकारों से बात करने के मूड में नहीं थे। कार्यक्रम के समाप्त हो जाने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि भारतीय जनता पार्टी अयोध्या में भगवान श्रीराम की याद में रामायण म्यूजियम बना रही है तो इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुये बस इतना कहा कि ‘‘चुनाव आ गये हैं अब तो भाजपा को राम और अयोध्या याद आयेंगे ही, जो अभी तक उन्हें याद नही आये।’’ उनसे कहा गया कि उत्तर प्रदेश सरकार भी तो अयोध्या में रामलीला संकुल थीम पार्क बना रही है इस सवाल को टालते हुये उन्होंने कहा कि यूपी सरकार ने चुनाव से पहले जो वायदे किये थे वह सभी पूरे कर दिये हैं।

इससे पहले शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी को कमजोर करने में लगे लोगों को बख्शा नहीं जायेगा। पार्टी को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जायेगा। चुनाव आ गया है पार्टी कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने में जुट जायें। उन्होंने चौधरी हरमोहन सिंह यादव के समाजवादी पार्टी में योगदान को भी याद किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़