राजस्थान: अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की चूहे ने कुतरी आंख, राज्यवर्धन राठौड़ बोले- कांग्रेस शासन ही बेशर्म

kota hospital
ANI
अंकित सिंह । May 18 2022 1:05PM

अस्पताल में लकवा से ग्रस्त 30 साल की महिला भर्ती थी। लेकिन अस्पताल में चूहों का आतंक इतना था कि महिला को एक और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चूहों ने महिला के आंख की पलक काट दिए। इस घटना से महिला के पति के साथ-साथ उसका पूरा परिवार परेशान है।

देश की सरकारी अस्पतालों की स्थिति कैसी है, इसका पोल समय-समय पर खुलता रहता है। एक बार फिर से राजस्थान के सरकारी अस्पतालों की पोल खुलती दिखाई दे रही है। दरअसल, जिस शहर में देशभर के बच्चे मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए पहुंचते हैं, उसी शहर के अस्पतालों की ऐसी हालत कहीं ना कहीं चिंता की बात है। हम बात कर रहे हैं राजस्थान के कोटा में स्थित महाराव भीमसिंह चिकित्सालय की। दरअसल, अस्पताल में लकवा से ग्रस्त 30 साल की महिला भर्ती थी। लेकिन अस्पताल में चूहों का आतंक इतना था कि महिला को एक और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चूहों ने महिला के आंख की पलक काट दिए। इस घटना से महिला के पति के साथ-साथ उसका पूरा परिवार परेशान है। अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है।

इसे भी पढ़ें: इस परिवार में एक नहीं बल्कि 185 लोग रहते हैं साथ, 10 चूल्हों में तैयार होती है 75 किलो आटे की रोटियां

इस खबर की पुष्टि अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ समीर टंडन ने की। उन्होंने बताया कि पूरी इंक्वायरी कराई जा रही है। हालांकि इस घटना की वजह से अस्पताल में भर्ती दूसरे मरीजों की चिंताएं बढ़ गई हैं। वही, अब भाजपा ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा की ओर से राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर में ट्वीट कर लिखा कि राहुल जी, क्या आप अशोक गहलोत सरकार के इसी स्वास्थ्य व्यवस्था को भारत का सबसे बेहतरीन मॉडल बता रहे थे। महिला की पलकें चूहे कुतर रहे हैं और सरकार के कारिंदे बेशर्मी भरी बातें कह रहे हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि यहां राजस्थान का कांग्रेस शासन ही बेशर्म है।

इसे भी पढ़ें: 'भाजपा को लोकतंत्र पर विश्वास नहीं', गहलोत बोले- उनकी नीतियां देश को बर्बाद करने वाली हैं

दूसरी ओर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में MBS अस्पताल का दौरा किया। इसी अस्पताल से एक महिला मरीज़ की आंख की पलकों को चूहों द्वारा कुतरने का मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि आज पूरे ICU वार्ड का दौरा किया। इतने बड़े अस्पताल में ऐसी घटना बेहद पीड़ादायक है। कोटा से सांसद बिरला ने कहा कि ICU जैसे वार्ड में ऐसी घटना का घटना चिंता का विषय है। अस्पताल के अंदर स्वच्छता होनी चाहिए। मैंने अभी भी देखा कि यहां गंदगी का अंबार है। मैंने मंत्री जी को कहा है कि वे खुद यहां आकर एक बार देखें और यहां की स्वच्छता की कमियों को सुधारें।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़