Satya Niketan Building Collapse: Delhi Court ने खारिज की PG संचालक Shubham Tyagi की जमानत

सत्य निकेतन इलाके में छह सितंबर को हुए हादसे में सात लोगों की जान जाने के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धीरेंद्र राणा ने आरोपी को कोई भी विवेकाधीन राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने टिप्पणी की कि आरोपी विधि पेशेवर होते हुए भी खतरे से अनजान नहीं हो सकता था।
दिल्ली की एक अदालत ने सत्य निकेतन में छह सितंबर को एक इमारत ढहने के मामले में गिरफ्तार पेइंग गेस्ट (पीजी) संचालक की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इस हादसे में पांच छात्रों और दो मजदूरों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धीरेंद्र राणा ने सोमवार को पारित आदेश में शुभम त्यागी की जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि उसे राहत देने का कोई आधार नहीं है।
न्यायाधीश ने कहा, ‘‘सात बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान के लिए जिम्मेदार आरोपी विवेकाधीन राहत पाने के हकदार नहीं हैं और अदालतों को ऐसी घटनाओं से सख्ती से निपटना होगा।’’ अदालत ने कहा कि त्यागी विधि पेशेवर है और उससे नियमों की जानकारी होने की अपेक्षा की जाती है। अदालत ने कहा कि भले ही अवैध निर्माण कार्य उसके नियंत्रण में नहीं था या उसके निर्देश पर नहीं किया जा रहा था, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान इमारत को खाली कराना उसका कर्तव्य था। अदालत ने इस दलील को खारिज किया कि घटना में त्यागी की कोई भूमिका नहीं थी और कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया वह छात्रों के लिए पीजी आवास संचालित कर रहा था।
वह अवैध निर्माण गतिविधियों से उत्पन्न खतरे का आसानी से अंदाजा लगा सकता था, लेकिन उसने निर्दोष छात्रों और मजदूरों के जीवन एवं सुरक्षा से अधिक अपने आर्थिक हितों को प्राथमिकता दी।’’ अदालत ने यह भी कहा कि मुकदमा अभी शुरुआती चरण में है और कई स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। अदालत ने आशंका जताई कि जमानत पर रिहा किए जाने की स्थिति में आरोपी गवाहों को धमका सकता है। त्यागी घटना के बाद फरार हो गया था, हालांकि उसने 11 सितंबर को पटियाला हाउस अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था।
इसके बाद पीजी आवासों, उनके पट्टा संबंधी समझौतों और इमारत में चल रहे निर्माण कार्य के बारे में पूछताछ के लिए उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। इस महीने की शुरुआत में दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 638 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता, उनके बेटे महेश गुप्ता, श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार तथा पीजी संचालकों सुधांशु लवनीश कुमार और शुभम त्यागी को आरोपी बनाया गया था।
अन्य न्यूज़














