शाहरूख को लॉस एंजिलिस हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया

[email protected] । Aug 12 2016 1:09PM

शाहरूख ने ट्वीट किया, ‘‘दुनिया में जिस तरह से सुरक्षा होती है, मैं उसे समझता हूं और उसका सम्मान करता हूं लेकिन हर बार अमेरिकी आव्रजन में हिरासत में लिया जाना बेहद परेशान करने वाला है।’’

न्यू यार्क। बॉलीवुड के स्टार अभिनेता शाहरूख खान को लॉस एंजिलिस हवाई अड्डे पर अमेरिकी आव्रजन विभाग ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। शाहरूख ने ट्वीट किया, ‘‘दुनिया में जिस तरह से सुरक्षा होती है, मैं उसे पूरी तरह से समझता हूं और उसका सम्मान करता हूं लेकिन हर बार अमेरिकी आव्रजन में हिरासत में ले लिया जाना बेहद परेशान करने वाला है।’’

50 वर्षीय शाहरूख ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘इसका अच्छा पहलू यह है कि इंतजार करते समय कई बढ़िया पोकेमॉन पकड़ पाया।’’ विदेश मंत्रालय ने इस बात पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है कि भारतीय सुपरस्टार को लॉस एंजिलिस हवाई अड्डे पर हिरासत में क्यों लिया गया। यह पहली बार नहीं है जब शाहरूख को अमेरिकी हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया है। वर्ष 2012 में खान को न्यूयार्क हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने दो घंटे तक हिरासत में रखा था। तब अमेरिकी कस्टम एवं सीमा सुरक्षा अधिकारियों ने शाहरूख खान को हिरासत में लिए जाने पर ‘‘गहरा’’ खेद जताया था। वर्ष 2009 में भी खान को न्यूजर्सी स्थित नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था। ऐसा इसलिए किया गया था क्योंकि उनका नाम कंप्यूटर की अलर्ट लिस्ट में आ रहा था।

इस घटना के बाद, सूत्रों ने बताया कि नीता अंबानी और उनके साथ के बाकी लोगों को तो तत्काल मंजूरी दे दी गई थी लेकिन शाहरूख को रोक दिया गया था। आव्रजन अधिकारियों की ओर से उन्हें लगभग दो घंटे बाद मंजूरी दी गई थी। येल विश्वविद्यालय के अधिकारियों को जब यह पता लगा कि शाहरूख खान को हवाई अड्डे पर रोक लिया गया है तो उन्हें वाशिंगटन में गृह सुरक्षा विभाग और अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों से संपर्क करना पड़ा था।

न्यूयार्क की घटना के बाद, शाहरूख ने कहा था, ‘‘जब भी मुझ पर अभिमानी हावी होता है, मैं अमेरिका चला जाता हूं। आव्रजन अधिकारी सितारों को उनके स्टारडम से बाहर ले आते हैं।’’ वर्ष 2009 में, शाहरूख को न्यूजर्सी के नेवार्क हवाई अड्डे पर लगभग दो घंटे तक हिरासत में रखा गया था। इस घटना के बाद, शाहरूख ने नेवार्क हवाई अड्डे की ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण प्रक्रिया’’ को नजरअंदाज करने की कोशिश करते हुए कहा था कि वह किसी से माफी मांगने के लिए नहीं कहेंगे।

इस बीच, भारत में अमेरिकी राजदूत रिचर्ड वर्मा ने शाहरूख खान से लॉस एंजिलिस हवाई अड्डे पर उन्हें हिरासत में लिए जाने के लिए माफी मांगी जिसके बाद सरोकार जताने के लिए खान ने उन्हें शुक्रिया कहा।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़