Shivraj Singh Chouhan ने देश की पहली स्वदेशी Bird Flu Vaccine जारी की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में तैयार बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। उन्होंने शहर में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्रयोगशाला बनाने की घोषणा भी की। इस सस्ती वैक्सीन की एक खुराक एक से दो रुपये में उपलब्ध होगी, जिससे छोटे मुर्गीपालकों को बड़ा सहारा मिलेगा।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) में विकसित बर्ड फ्लू (एच5एन1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। चौहान ने इस अवसर पर भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू के इस स्वरूप की दुनिया की पहली वैक्सीन भारतीय वैज्ञानिकों ने विकसित की है और इसकी एक खुराक की कीमत एक से दो रुपये के बीच होगी।

उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पोल्ट्री उद्योग और मुर्गीपालकों की आजीविका को सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोविड-19 के बाद अब बर्ड फ्लू के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने राहुल गांधी का बिना नाम लिए विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेशों में जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं, वैज्ञानिकों और सेना की क्षमता पर सवाल उठाने वालों को भारत की उपलब्धियां देखनी चाहिए।

चौहान ने कहा, दुनिया आज के आत्मनिर्भर और विकसित भारत को देखे। देश के सामर्थ्य को कमतर आंकने का पाप नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले इस वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना थी, लेकिन उन्होंने इसे भोपाल में ही राष्ट्र को समर्पित करने का निर्णय लिया, क्योंकि यहां के वैज्ञानिकों ने दिन-रात मेहनत कर इसे विकसित किया है।

चौहान ने पशुपालन क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं और खेती के साथ नियमित आमदनी का जरिया भी हैं। उन्होंने कहा कि पशुपालन का देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में करीब 14 प्रतिशत और पोल्ट्री क्षेत्र का एक प्रतिशत योगदान है। मंत्री ने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से देश को सालाना औसतन 22,000 करोड़ रुपये, लंपी त्वचा रोग से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था।

इन बीमारियों से कुल मिलाकर करीब 56,000 करोड़ रुपये का सालाना नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि सस्ती स्वदेशी वैक्सीन से छोटे मुर्गीपालकों को भी अपने पक्षियों को संक्रमण से बचाने में मदद मिलेगी। चौहान के कहा कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था, जहां करीब 10 लाख मुर्गियां मरी थीं।

इसके बाद 2021 में नौ लाख और इस वर्ष दो लाख मुर्गियों की मौत हुई। वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान होता है और इसके अन्य पशुओं तथा मनुष्यों में फैलने का खतरा भी रहता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके तहत खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लंपी त्वचा रोग के खिलाफ भी भारतीय वैज्ञानिकों ने स्वदेशी टीका विकसित किया है।

भोपाल स्थित संस्थान इससे पहले गंबेरो, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के टीके विकसित कर चुका है। चौहान ने वैक्सीन विकसित करने वाले वैज्ञानिकों के सम्मान करने के बाद उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महीनों तक शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना काम किया। जैव सुरक्षा के कड़े प्रोटोकॉल के तहत वैज्ञानिकों को प्रयोगशाला में काम करने के दौरान विशेष सावधानियां बरतनी पड़ीं।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल के सांसद आलोक शर्मा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट और संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल सहित कई जनप्रतिनिधि और वैज्ञानिक मौजूद थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़