PM Narendra Modi के 25 साल पूरे होने पर Sikkim कैबिनेट ने दी बधाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सिक्किम मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष बैठक आयोजित कर बधाई दी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने उनके नेतृत्व और सुशासन के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने पूर्वोत्तर के विकास और आपदाओं के दौरान केंद्र द्वारा दिए गए सहयोग के प्रति आभार जताया।

सिक्किम सरकार के मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शासन प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने पर सोमवार को बधाई दी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंत्रिमंडल की विशेष बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों ने मोदी के नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास तथा सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सराहा।

उन्होंने मोदी की 25 साल की यात्रा में पेश आईं चुनौतियों को राष्ट्रीय प्रगति के अवसरों में बदलने का उदाहरण बताया। तमांग ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर विकास, संपर्क सुविधा, निवेश और पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने मोदी द्वारा पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को ‘अष्टलक्ष्मी’ कहे जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि यह शब्द क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि, प्राकृतिक सुंदरता, रणनीतिक महत्व और आर्थिक क्षमता को दर्शाता है।

तमांग ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे, संपर्क सुविधाओं और आजीविका के अवसरों से क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुले हैं और राज्य सरकार ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में केंद्र के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों के समापन कार्यक्रम में मोदी की उपस्थिति राज्य के लोगों के लिए आशीर्वाद रही। तमांग ने कहा, ‘‘सबसे कठिन समय चाहे वह कोविड-19 महामारी हो, तीस्ता में आई विनाशकारी बाढ़, भूकंप, भूस्खलन या अन्य कठिन मौके, उनके द्वारा दिए गए उदार सहयोग के लिए हम हमेशा उनके आभारी रहेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़