Sooraj Barjatya बोले, नई फिल्म Yeh Prem Mol Liya में दिखेगी आज के युवाओं की सोच

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

फिल्मकार सूरज बड़जात्या ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म पारिवारिक मूल्यों और नई पीढ़ी के नजरिये का खूबसूरत संगम है। आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

(कोमल पंचमटिया) मुंबई, 23 नवंबर फिल्मकार सूरज बड़जात्या की फिल्मों में हमेशा से भारतीय परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को प्रमुखता दी गई है तथा उनका कहना है कि वह आगे भी इसी तरह की कहानियां सुनाते रहेंगे, हालांकि उनकी कोशिश होगी कि इन कहानियों को आज के दौर के दर्शकों के लिए प्रासंगिक भी बनाया जाए। ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘विवाह’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्में बनाने वाले बड़जात्या की नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ है। इसकी कहानी प्रेम मिश्रा नाम के एक संगीतकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पत्नी पूर्वा सोलंकी के घर रहने का फैसला करता है।

दरअसल, पूर्वा अपने परिवार की देखभाल करने वाली अकेली सदस्य है। बड़जात्या ने कहा कि सादगी और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित फिल्मों की मांग है और उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए इसी दर्शक वर्ग तक पहुंचने की कोशिश की है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘जब हमारी फिल्म का पहला गाना रिलीज हुआ तो मुझे काफी हैरानी हुई।

हमने फिल्म के मुख्य गीत के लिए पांच मिनट का एक वीडियो तैयार किया था। इसे बिल्कुल उसी अंदाज में बनाया गया, जिस तरह पूरी फिल्म है। हमने इसे तेज रफ्तार या किसी खास चलन के मुताबिक बनाने की चिंता नहीं की।

लेकिन इस गाने को लेकर जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली, वैसी मुझे अपनी किसी दूसरी फिल्म के लिए नहीं मिली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आमतौर पर आप कितनी भी फिल्में बना लें, लोग कहते हैं कि यह पुरानी सोच वाली फिल्म है, आज के दौर में इसे कौन देखेगा या यह किस जमाने की कहानी है। मैं ऐसी टिप्पणियां सुनने के लिए हमेशा तैयार रहता हूं, क्योंकि मुझे लंबे समय से यह सब सुनने को मिल रहा है। लेकिन ‘ये प्रेम...’ के मामले में मेरा अनुभव अलग रहा।

लोगों को इसकी सादगी बहुत पसंद आई।’’ फिल्म निर्देशक ने कहा कि ‘मैं वापस आऊंगा’ और ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्मों की सफलता भी इस बात का संकेत है कि दर्शक सरल और सहज कहानियां देखना चाहते हैं। बड़जात्या ने कहा कि ‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक रिश्तों को एक खूबसूरत कहानी के रूप में पेश करना चाहते हैं। फिल्म में हर पीढ़ी को जगह दी गई है, चाहे वह ‘बेबी बूमर्स’ हों या ‘जेनरेशन अल्फा।’ आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत अपनी नई फिल्म को लेकर बड़जात्या काफी आशान्वित हैं।

उन्हें उम्मीद है कि फिल्म की कहानी दर्शकों से जुड़ पाएगी, क्योंकि इसमें नई पीढ़ी के रिश्तों और पारंपरिक पारिवारिक ढांचे को देखने के बदलते नजरिये को दिखाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म में हमारी नायिका के घर में कई महिलाएं हैं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी उसी पर है। वह मानसिक रूप से इस बात के लिए तैयार है कि वह अपना घर छोड़कर कहीं और नहीं जाएगी।

उसे इस फैसले पर कोई झिझक या पछतावा नहीं है। वह किसी से यह अपेक्षा भी नहीं करती कि कोई उसे प्यार करे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा नायक एक संगीतकार है। उसे नायिका से प्यार हो जाता है और नायिका भी उससे प्यार करने लगती है।

ऐसे में वह सवाल करता है कि आखिर यह कहां लिखा है कि हम पत्नी के परिवार के साथ रहने नहीं जा सकते? जब मैंने इस कहानी के बारे में सोचा तो मुझे लगा कि आज के युवा इसी तरह की भाषा बोल रहे हैं और इसी नजरिये से चीजों को देख रहे हैं।’’ फिल्मकार के मुताबिक, आयुष्मान और शरवरी दोनों ने अपने किरदारों के जरिए कहानी को दर्शकों के लिए अधिक सहज और जुड़ाव भरा बनाया है। उन्होंने इसे अपने और अपने बैनर राजश्री प्रोडक्शंस के लिए एक अनूठा कदम बताया।

बड़जात्या ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि बुजुर्ग पीढ़ी को भी नई पीढ़ी की बातें सुननी चाहिए। इसलिए यह पूरी तरह पारिवारिक फिल्म है, लेकिन साथ ही आज के दौर की कहानी भी है। इसमें मनोरंजन है, भरपूर संगीत है और दर्शकों को पूरा मनोरंजन मिलेगा।’’ उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में परिवारों के भीतर रिश्तों के समीकरण काफी बदल गए हैं।

ऐसे समय में पारिवारिक कहानियों पर फिल्में बनाना और भी जरूरी हो गया है, जब लोगों के बीच बातचीत अक्सर मोबाइल फोन पर संदेशों तक सिमटकर रह गई है। ‘ये प्रेम मोल लिया’ में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे, गीता अग्रवाल शर्मा और सौम्या टंडन समेत कई अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बनी यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़