South Mumbai में चार मंजिला इमारत में लगी आग, 8 लोग सुरक्षित निकाले गए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दक्षिण मुंबई के गिल्दार लेन स्थित हीरा मंजिल इमारत में रविवार तड़के आग लगने के बाद दमकल कर्मियों ने दो बच्चों समेत आठ लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। बचाव अभियान के दौरान आग पर काबू पाने में जुटे दमकल विभाग के एक वरिष्ठ स्टेशन अधिकारी घायल हो गए। इमारत के नजदीक पेट्रोल पंप होने के कारण आग बुझाने में कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

दक्षिण मुंबई में रविवार तड़के चार मंजिला एक आवासीय इमारत में आग लगने के बाद दो बच्चों समेत आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इस दौरान दमकल विभाग का एक अधिकारी घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नवजीवन सोसाइटी के पास गिलदार लेन स्थित हीरा मंजिल इमारत की दूसरी मंजिल के एक कमरे में आधी रात के आसपास आग लगी और करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह पांच बजकर पांच मिनट पर इस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने तीसरी मंजिल पर फंसे एक पुरुष और दो महिलाओं को ‘टर्नटेबल लैडर’ (घूमने वाली विशेष सीढ़ी) की मदद से बचाया, जबकि पहली मंजिल से एक बुजुर्ग महिला को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि चौथी मंजिल के एक कमरे में मौजूद एक पुरुष, एक महिला, एक लड़के और एक लड़की को भी सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित नीचे लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक घबराहट महसूस होने के कारण बुजुर्ग महिला को पुलिस वाहन से रिलायंस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

बचाव अभियान के दौरान दमकल विभाग के एक वरिष्ठ स्टेशन अधिकारी की दाहिनी हथेली चोटिल हो गई और उन्हें एम्बुलेंस से नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इमारत के पास पेट्रोल पंप होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में अतिरिक्त चुनौती का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आग दूसरी मंजिल के कमरे में बिजली के तारों और उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, एयर कंडीशनर और अन्य घरेलू सामान तक ही सीमित रही।

आग लगने के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़