उमरिया में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

accident
AI Image
PTI । Jul 9 2026 11:11AM

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उमरिया: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी दी कि यह हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भरौला गांव के निकट हुआ, जब एक कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तड़के साढ़े तीन बजे सिद्धबाबा धाम के पास हुआ। इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

अधिकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। मृतकों में एक पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सभी मृतक अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के लिलहाटोला गांव के निवासी थे और चित्रकूट जा रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजन अनूपपुर जिले से उमरिया पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़