US के Ohio में हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला, VHP ने की सुरक्षा की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका के ओहायो में रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम मंदिर पर दो अक्टूबर को ईंटें फेंकी गईं, जिससे खिड़कियां टूट गईं। घटना के वक्त परिसर में पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे। विश्व हिंदू परिषद ने अमेरिकी प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को पकड़ने और मंदिरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आग्रह किया है।

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर पर कथित तौर पर ईंटों से हमला किए जाने के बाद शनिवार को अमेरिकी प्रशासन से हिंदू मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि अमेरिका में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ और हमलों की बार-बार हो रही घटनाओं को अब सामान्य तोड़फोड़ मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। बंसल ने कहा कि दो अक्टूबर को ओहायो के रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम मंदिर पर कथित तौर पर ईंटें फेंकी गईं, उस समय वहां पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे और इस घटना में खिड़कियां टूट गईं।

बंसल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर बार-बार होने वाले हमलों और तोड़फोड़ को अब सामान्य तोड़फोड़ मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से हिंदू मंदिरों की सुरक्षा को गंभीरता से लेने का आग्रह करते हुए निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा प्रोटोकॉल की मांग की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़