Yogi Adityanath बोले अखिलेश यादव खुद Ayodhya से लड़ें चुनाव तो मैं भी उतरूंगा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव की चुनौती स्वीकार करते हुए अयोध्या से चुनाव लड़ने का खुला न्योता दिया। उन्होंने कहा कि सामने वाले में सीधे मुकाबले का साहस नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के समय गोली चलाने वालों पर भी कड़ा प्रहार किया।

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनकी चुनौती को स्वीकार करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह सीधे मुकाबले के लिए तैयार हैं, लेकिन चुनौती देने वालों में आमने-सामने का मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है। गोरखपुर के कैपियरगंज क्षेत्र में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन और 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को योगी संबोधित कर रहे थे। योगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख का नाम लिये बिना कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी गयी है और अगर चुनौती देने वाला खुद वहां से नामांकन दाखिल करता है तो वह भी वहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आपने कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए। मैंने कहा, आगे बढ़िए और अपना नामांकन दाखिल कीजिए, मैं भी अपना दाखिल कर दूंगा।

आइए, एक बार सीधे एक-दूसरे के सामने हों। आप बेवजह परेशान क्यों हो रहे हैं।’’ इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए रामभक्तों पर गोली चलाने वालों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, उन पर लाठियां बरसाईं और हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया, वे अब भगवान राम को याद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जब कोई भक्त हर समय-सोते, जागते, बैठते या खड़े होते-राम को याद करता है, तो भगवान राम उसकी रक्षा करते हैं।’’ उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिये बगैर कहा कि हैदराबाद से आए मौलाना यहां मचल रहे हैं। उन्होंने यह टिप्पणी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन के संदर्भ में की। आदित्यनाथ ने दावा किया,“इन लोगों (विपक्षी दलों) ने इतना लूटा है और विदेशों में इतनी बड़ी संपत्तियां जमा कर ली हैं कि उनकी कई पीढ़ियां वहां आराम से रह सकती हैं।

उन्हें न देश की चिंता थी, न राज्य की।’’ उन्होंने सपा-कांग्रेस पर गुंडागर्दी को बढ़ावा देने, दंगाइयों को खुश करने और माफिया तत्वों के साथ साझेदारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल के दौरान सपा ने कब्रिस्तानों के नाम पर दलितों, निषादों, यादवों, संथवारों, पासियों, ब्राह्मणों और अन्य समुदायों की जमीन हड़प ली थी, और सरकारी धन का इस्तेमाल करके चहारदीवारी बनवाई थी। उन्होंने कहा,“अब अतिक्रमण करना संभव नहीं है और सरकार मंदिरों, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार, तालाबों, मूर्तियों और पार्कों पर पैसा खर्च कर रही है।” उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू होगी और स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे।

उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है और जल्द विशेष पैकेज भी मिलेगा। उन्होंने एक दिन में 35 करोड़ और साढ़े नौ साल में 280 करोड़ पौधे लगाए जाने की जानकारी भी दी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़