IPL में ब्लैक क्रिकेटर्स का ऐसे उड़ाते हैं मजाक, विंडीज के पूर्व कप्तान ने खोली पोल

DARREN SAMMY

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान डेरेन सैमी ने अफ्रीकी अमेरिकी मूल के जॉर्ज फ्लॉयड की श्वेत पुलिसकर्मी की बबर्रता के कारण हुई मौत के बाद अमेरिका में हो रहे विरोध पर अपने विचार रखते हुए यह बात कही।सैमी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 2013-14 में खेलते समय टीम के खिलाड़ी उन्हें इस नाम से बुलाते थे।

नयी दिल्ली।  वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान डेरेन सैमी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने के दौरान कुछ साथी खिलाड़ियों पर उन्हें एक नस्लवादी उपनाम से संबोधित करने का दावा करते हुए माफी की मांग की है। इन खिलाड़ियों में भारत के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा भी शामिल हो सकते हैं। टी20 विश्व कप खिताब दो बार जीतने वाले कप्तान ने पहले कहा था कि उन्हें ‘कालू’ कह कर बुलाया जाता था, अब उन्हें पता चला है जिस नाम से उनका संबोधन होता था वह नस्लीय है। ‘कालू’ अश्वेत लोगों का वर्णन करने के लिए अपमानजनक शब्द है। सैमी ने अफ्रीकी अमेरिकी मूल के जॉर्ज फ्लॉयड की श्वेत पुलिसकर्मी की बबर्रता के कारण हुई मौत के बाद अमेरिका में हो रहे विरोध पर अपने विचार रखते हुए यह बात कही। सैमी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 2013-14 में खेलते समय टीम के खिलाड़ी उन्हें इस नाम से बुलाते थे।

इसे भी पढ़ें: कल होगी ICC की अहम बैठक, बॉल पर लार के इस्तेमाल पर लगाया जा सकता है अस्थाई प्रतिबंध

इन खिलाड़ियों में इशांत भी शामिल हो सकते है जिन्होंने 14 मई 2014 को एक फोटो साझा कर सैमी के लिए ‘कालू’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उसी वर्ष, यहां तक ​​कि सैमी ने वीवीएस लक्ष्मण (टीम के तत्कालीन संरक्षक) को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट मेंखुद के लिए ‘कालू’ शब्द का इस्तेमाल किया था। सैमी ने अपने इंस्टाग्राम पर कहा, ‘‘ मैं हसन मिन्हाज (भारतीय-अमेरिकी हास्य-कलाकार और अभिनेता) के बारे में सुन रहा था कि उनकी संस्कृति के लोगों में से कुछ लोगों ने अश्वेत लोगों का वर्णन कैसे किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ उन्हें सुनकर जब मुझे पता चला कि वे एक शब्द से अश्वेत लोगों का वर्णन करते है तो मुझे गुस्सा आया।उन्होंने (मिन्हाज) बताया कि यह अपमानजनक है।’’ सैमी ने कहा ‘‘ अचानक से मुझे 2013 और 2014 का याद आय जब मैं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला था। मुझे उसे शब्द से संबोधित किया जाता था जिसका जिक्र मिन्हाज ने किया था।’’

इसे भी पढ़ें: इंग्लैंड के ऐतिहासिक दौरे पर मैनचेस्टर पहुंची वेस्टइंडीज की टीम, 14 दिन रहेंगे Quarantine

सैमी ने टीम के साथी खिलाड़ियों में से किसी का नाम लिये बगैर उनसे संपर्क कर माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘जो भी मुझे उस नाम से बुलाता था, उसे खुद ही यह पता है, मुझ से संपर्क करो, बात करों। क्योंकि जो मिन्हाज ने कहा, अगर इसका मतलब यही है तो मैं बहुत निराश हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं उन सभी लोगों को मैसेज भेजूंगा। आप सब को खुद के बारे में पता है। मैं यह स्वीकार करता हूं कि उस समय मुझे इस शब्द का मतलब नहीं पता था।’’ सैमी अब पाकिस्तान सुपर लीग के मुख्य खिलाड़ियों में से एक है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा कि इसका मतलब मजबूती से है। मुझे इसका मतलब नहीं पता था इस लिए उस समय मुझे इस शब्द से कोई समस्या नहीं थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं टीम के हित के बारे में सोचता हूं और मुझे लगा कि अगर इससे टीम के खिलाड़ी खुश होते है तो यह मजेदार होगा। आप मेरी हताशा और मेरे गुस्से को समझ सकते हैं जब यह बताया गया था कि यह बिल्कुल भी हास्यास्पद नहीं था, यह अपमानजनक था।’’ इशांत ने एक अन्य इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया था कि सैमी काफी अच्छा इंसान और करीबी दोस्त है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़