Archery World Cup Final: धीरज बोम्मादेवरा ने रचा इतिहास, मेक्सिको में जीता ऐतिहासिक Gold Medal

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मेक्सिको के साल्टिलो में भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया है। उन्होंने खिताबी मुकाबले में जापान के जुन्या नाकानिशी को शूट-ऑफ में 10-9 से मात दी। इसके साथ ही भारत का पुरुष रिकर्व तीरंदाजी में 16 साल लंबा खिताबी इंतजार समाप्त हो गया।

साल्टिलो (मेक्सिको) 13 सितंबर शीर्ष रैंकिंग वाले भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवर ने रविवार को जापान के नाकानिशी जुन्या को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बनकर इतिहास रच दिया। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज 25 साल के धीरज ने 2023 और 2024 सत्र की निराशा को पीछे छोड़ते हुए इस बार शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने रोमांचक खिताबी मुकाबले में विश्व नंबर 20 नाकानिशी को 6-5 (28-28, 28-29, 29-28, 28-30, 28-27) से हराया।

पांच सेट के मुकाबले के बाद स्कोर 5-5 से बराबर था, जिसके बाद शूट-ऑफ में धीरज ने 10-9 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ धीरज विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बन गए। उन्होंने प्रतिष्ठित खिताब जीतने के लिए भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी का 16 साल का इंतजार भी खत्म किया।

जयंत तालुकदार पिछले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज थे, जिन्होंने 2010 में एडिनबर्ग में कांस्य पदक जीता था। धीरज के अलावा डोला बनर्जी विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्य भारतीय हैं। उन्होंने 2007 में दुबई में महिला व्यक्तिगत वर्ग का खिताब जीता था।

विश्व कप फाइनल में भारत की ओर से सर्वाधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड दीपिका कुमारी के नाम है। उन्होंने आठ बार की भागीदारी में पांच रजत और एक कांस्य पदक जीता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़