Pankaj Advani ने दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराया, विश्व स्नूकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Pankaj Advani ने दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराया, विश्व स्नूकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

इंदौर में आयोजित आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में भारत के पंकज आडवाणी ने दिग्विजय कादियान को मात देकर पुरुष सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अंतिम चार के मुकाबले में आडवाणी का सामना ईरान के अली घरहागोजलू से होगा। महिला वर्ग में गत चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन ने कीर्तना पांडियन को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने एक और विश्व खिताब जीतने की अपनी कोशिश जारी रखते हुए शुक्रवार को हमवतन दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराकर आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। आडवाणी सेमीफाइनल में ईरान के अली घरहागोजलू से भिड़ेंगे जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में भारत के ध्वज हरिया को हराया। दूसरा सेमीफाइनल हांगकांग चीन के दो खिलाड़ियों लैंगयी रयान ली और टैम युन फुंग के बीच खेला जाएगा।

इससे पहले बृजेश दामानी को रयान ली के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं गत चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन कीर्तना पांडियन को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अनुपमा अंतिम चार में टेसा डेविडसन से भिड़ेंगी जिन्होंने फिलीपींस की खिलाड़ी कारमिल बुहाट को 3-0 से हराया।

लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारत की अमी कामानी अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं और उन्हें हांगकांग चीन की शिउ विंग मैन के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़