डेनमार्क ओपन में PV Sindhu की An Se Young से भिड़ंत, Lakshya Sen भी उतरेंगे

डेनमार्क के ओडेंस में मंगलवार से शुरू हो रहे सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय शटलरों को मुश्किल ड्रॉ मिला है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू अपने पहले दौर के मुकाबले में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एन से यंग के खिलाफ कोर्ट पर उतरेंगी। वहीं पुरुष एकल में लक्ष्य सेन का सामना तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन से होगा।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और पुरुष वर्ग में भारत के शीर्ष खिलाड़ी लक्ष्य सेन को मंगलवार से यहां शुरू हो रहे 950,000 अमेरिकी डॉलर इनामी डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में ही कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। सिंधू का सामना पहले दौर में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन एन से यंग से होगा। लक्ष्य को भी पुरुष वर्ग के पहले दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन की चुनौती से पार पाना होगा।
पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू का पिछले कुछ समय में प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को इस बात की चिंता होगी कि उन्हें एन से यंग खिलाफ अपने पिछले सभी 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। लक्ष्य का भी पिछले दो वर्षों में प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है।
वह हाल में पीठ की चोट से भी परेशान रहे हैं। उन्हें अगर चोउ के खिलाफ जीत हासिल करनी है तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। पुरुष वर्ग में भाग लेने वाले एक अन्य भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।
पहले दौर में उनका सामना इंडोनेशिया के अलवी फरहान से होगा, जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें हराया था। किदाम्बी श्रीकांत फ्रांस के अर्नाउड मर्कल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। भारत की तरफ से महिला एकल में तन्वी शर्मा, अश्मिताा चालिहा, देविका सिहाग और उन्नति हुड्डा भी चुनौती पेश करेंगी।
तन्वी का पहला मुकाबला जापान की नात्सुकी निदैरा से जबकि अश्मिता का बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से होगा। देविका थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि उन्नति का सामना चीन की हान कियान शी से होगा। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी एशियाई खेलों से पहले दौर में मिली हार से उबरने की कोशिश करेंगे।
भारत की यह पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी अपना पहला मैच चीन की हे जी टिंग और रेन जियांग यू के खिलाफ खेलेगी। महिला युगल में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। उनका पहला मुकाबला चीनी ताइपे के यान फी चेन और ह्सिएह पेई शान से होगा।
महिला युगल में ही रुतापर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा का मुकाबला चीन की बाओ ली जिंग और काओ ज़ी हान की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा।
अन्य न्यूज़













