पहले Test में भारत से 233 रन पीछे New Zealand, मैच बचाने के लिए लंबी बल्लेबाजी जरूरी: रविंद्र

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वेलिंगटन टेस्ट के चौथे दिन भारतीय टीम की विशाल बढ़त के बाद न्यूजीलैंड की टीम दबाव में आ गई है। दूसरी पारी में दो विकेट पर 119 रन बना चुकी कीवी टीम अभी भारत से 233 रन पीछे है। बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने कहा कि मैच ड्रॉ कराने के लिए आखिरी दिन 90 ओवर तक एक-एक गेंद पर ध्यान देकर खेलना होगा।

(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 22 नवंबर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने स्वीकार किया कि पहले टेस्ट के चौथे दिन रविवार को यहां भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से उनकी टीम ‘बैकफुट’ पर चली गई थी। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन बनाकर समाप्त घोषित की और इस तरह से पहली पारी में 352 रन की बढ़त बनाई। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने के समय अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 119 रन बनाए हैं। डेवोन कॉनवे और रविंद्र अभी क्रीज पर हैं और उनकी टीम भारत से 233 रन पीछे है। रविंद्र ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हम मैच में अभी काफी पीछे चल रहे हैं।

भारत ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हमारे लिए अब जितना संभव हो सके उतनी देर तक बल्लेबाजी करना जरूरी है।’’ मैच ड्रॉ कराने के लिए न्यूजीलैंड को अंतिम दिन 90 ओवर बल्लेबाजी करनी होगी और रविंद्र ने कहा कि न्यूजीलैंड को आगे के बारे में सोचने के बजाय एक-एक गेंद पर ध्यान केंद्रित करना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैच को बचाना अभी काफी दूर की बात है, इसलिए हम एक-एक गेंद पर ध्यान देंगे।

आखिरी दिन 90 ओवर का खेल होना है।’’ रविंद्र का मानना है कि वह आक्रामक बल्लेबाज हैं लेकिन परिस्थितियों के अनुसार अपनी आक्रामकता पर अंकुश लगाना भी सीख गए हैं। इसके अलावा उन्होंने साथी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे की भी तारीफ करते हुए कहा कि अगर वह क्रीज पर पर्याप्त समय बिताते हैं तो बड़ा स्कोर बना सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं डेव का सबसे बड़ा समर्थक हूं।

जब भी वह क्रीज पर पर्याप्त समय बिता देता है तो फिर बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहता है।’’ मैच की पहली दो पारियों में 1088 रन बने लेकिन रविंद्र का मानना है कि पिच की प्रकृति को नकारात्मक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘ग्लेन फिलिप्स, हेनरी निकोल्स, केएल राहुल और ऋषभ पंत को शतक बनाते देखना कोई नकारात्मक बात नहीं है। भले ही यह वेलिंगटन की कोई आम पिच ना हो।’’ रविंद्र ने जसप्रीत बुमराह की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘बुमराह हमेशा काफी सतर्क रहते हैं।

यही तो टेस्ट क्रिकेट है।’’ मैच के अंतिम दिन स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना के बारे में रविंद्र ने कहा, ‘‘मैं भविष्यवक्ता नहीं हूं लेकिन मौसम की भूमिका अहम होगी। अगर थोड़ी और हवा चलती है तो मौसम शुष्क हो सकता है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़