Rishabh Pant का बयान, मैदान पर रहने से खुशी मिलती है और निरंतरता पर है फोकस

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 128 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य क्रीज पर टिककर हर पारी में टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना है।

दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर ऋषभ पंत ने कहा कि मैदान पर रहने से उन्हें खुशी मिलती है और वह प्रदर्शन में निरंतरता पर फोकस कर रहे हैं। पंत की मैच फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे थे क्योंकि वह बाजू में खिंचाव के कारण न्यूजीलैंड में भारत ए के लिये नहीं खेल सके थे। उन्हें इस टेस्ट श्रृंखला से पहले मैच अभ्यास नहीं मिल पाया।

उन्होंने अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए पहले टेस्ट में 153 गेंद में 128 रन बनाये। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ब्रेंडन मैकुलम को पछाड़कर दूसरे क्रिकेटर बने पंत ने मेजबान प्रसारक से कहा ,‘‘ मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और हर पारी में अपनी छाप छोउ़ना चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मैं जब भी मैदान पर उतरता हूं, चाहे फील्डिंग करूं या बल्लेबाजी, मैं पूरा मजा लेना चाहता हूं। मैदान पर उतरने से मुझे खुशी मिलती है।

मुझे रोज मैदान पर उतरना अच्छा लगता है।’’ पंत ने कहा ,‘‘ लेकिन साथ ही आपको मैदान पर की जाने वाली उस कड़ी मेहनत का आनंद भी लेना होगा, क्योंकि हर दिन आपको कोई रोमांचक विकेट नहीं मिलेगी। आपको डटे रहना होगा और मेहनत करनी होगी, खासकर टेस्ट क्रिकेट में।’’ उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में पहला टेस्ट शतक लगाना खास था। उन्होंने कहा ,‘‘ यह अच्छा शतक था।

मैं न्यूजीलैंड में शतक लगाना चाहता था। मेरा लक्ष्य क्रीज पर ज्यादा देर तक टिके रहना था। मैं जब भी शतक लगाने की कोशिश करता हूं तो छक्के के साथ वहां तक पहुंचना चाहता हूं।

इसकी वजह से कई बार शतक से चूका भी हूं। मैं इंतजार कर रहा था और जब मौका लगा तो मैने उसे गंवाया नहीं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़