न्यूजीलैंड के खिलाफ Shubman Gill चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे, Rishabh Pant का किया समर्थन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वेलिंगटन में पुष्टि की कि टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में चार तेज गेंदबाजों के संयोजन के साथ उतरेगी। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए उनके 50 टेस्ट के अनुभव पर भरोसा जताया।

(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 17 नवंबर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को कहा कि टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलेगी और इसके साथ ही उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी खारिज कर दिया। गिल ने बृहस्पतिवार से यहां शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला से पहले कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेंगे।’’ भारतीय कप्तान ने हाल में एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान युवा तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और यह टीम के लिए अच्छी चुनौती है।’’ भारत ने वनडे श्रृंखला में 3-1 से जीत हासिल की थी। सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय आक्रमण को मजबूती मिलेगी।

सीमित ओवरों की श्रृंखला में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भी स्पिनर कुलदीप यादव की जगह टेस्ट टीम में लिया गया है। गिल ने कहा, ‘‘हमें चार तेज गेंदबाजों की जरूरत है, लेकिन यह तय नहीं है कि कौन खेलेगा। तीसरे दिन से हमने देखा है कि पिच सपाट हो जाती है और हमें ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो पिच पर गेंद को अच्छी तरह पटक सके।’’ भारतीय कप्तान ने पंत का भी समर्थन किया, जो फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

गिल ने कहा, ‘‘ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने दुनिया भर में रन बनाए हैं।

वह विकेटकीपर हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शतक बनाया है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़