Gautam Buddha Nagar: चुनावी रंजिश में हत्या के 10 दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया जुर्माना

गौतमबुद्ध नगर जिला अदालत ने बादलपुर क्षेत्र के कुड़ीखेड़ा गांव में 17 वर्ष पहले हुई हत्या के मामले में दस लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने सभी दोषियों पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जिसे न चुकाने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
जनपद गौतमबुद्ध नगर की अदालत ने कुड़ीखेड़ा गांव में 17 वर्ष पहले चुनावी रंजिश को लेकर हुई हत्या के एक मामले में सोमवार को 10 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई और दोषियों पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। सहायक शासकीय अधिवक्ता शिल्पी भदोरिया ने बताया कि बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ीखेड़ा गांव में वर्ष 2009 में चुनावी रंजिश को लेकर प्रमोद नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में बादलपुर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था।
भदोरिया ने बताया कि अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दिनेश, रोहतास, राकेश, मनोज, आमोद, सुरेश उर्फ बालक, सतीश, दुर्गेश, महेश और परमानंद को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। उन्होंने बताया कि अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना नहीं भरने पर दोषियों को और छह माह जेल में बिताना होगा।
अन्य न्यूज़














