China की AI क्षमता पर प्रहार, Trump प्रशासन ने अमेरिकी चिप निर्यात पर कड़े किए नियम

China की AI क्षमता पर प्रहार, Trump प्रशासन ने अमेरिकी चिप निर्यात पर कड़े किए नियम
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वाशिंगटन में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने उन्नत अमेरिकी कंप्यूटिंग चिप और सर्वर तक पहुंच सीमित करने के लिए नए नियम जारी किए हैं। वाणिज्य विभाग के तहत उद्योग एवं सुरक्षा ब्यूरो ने यह कदम चीन को अपने उन्नत एआई मॉडल प्रशिक्षित करने से रोकने के मकसद से उठाया है। इसके तहत विदेशी डेटा केंद्रों के लिए अपने अंतिम उपयोगकर्ताओं की पहचान करना अनिवार्य कर दिया गया है।

डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को उन्नत अमेरिकी कंप्यूटिंग चिप और सर्वर तक पहुंच को सीमित करने के लिए नए नियम जारी किए। यह नियम चीन की ओर से अपने उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए अमेरिकी चिप के इस्तेमाल की क्षमता सीमित करने की दिशा में नवीनतम कदम है। ये नियम ऐसे समय जारी किए गए हैं, जब कुछ दिन पहले एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद से इस्तीफा दे दिया था।

ऐसा एक महिला अधिकारी के साथ उनके संबंधों की जांच के बीच हुआ, जो पहले सिंगापुर स्थित ‘मेगास्पीड इंटरनेशनल’ का नेतृत्व करती थी। इस कंपनी पर अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों का उल्लंघन कर उन्नत एनवीडिया चिप चीन भेजने का संदेह है। वाणिज्य विभाग के तहत उद्योग एवं सुरक्षा ब्यूरो ने तत्काल प्रभाव से लागू किए गए इन नियमों को जारी करते हुए कहा, ‘‘इस नियम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तीसरे देशों में स्थित डेटा केंद्रों के जरिये दूरस्थ कंप्यूटिंग की व्यवस्था का इस्तेमाल कर संवेदनशील अमेरिकी प्रौद्योगिकी तक पहुंच पर लागू मौजूदा प्रतिबंधों से बचा न जा सके।’’ नए नियमों के तहत चीन, रूस, ईरान और क्यूबा सहित अन्य देशों की कंपनियों को सेवाएं देने वाले विदेशी डेटा केंद्रों के लिए अपने अंतिम उपयोगकर्ताओं की पहचान करना अनिवार्य होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़