Sunil Chhetri बने ISL King, 195वां मैच खेलकर तोड़ा सबसे बड़ा रिकॉर्ड, टीम को भी दिलाई जीत

Sunil Chhetri
AI Generated

बेंगलुरु एफसी ने जमशेदपुर एफसी को 1-0 से हराया, इस मैच में सुनील छेत्री 195वें मुकाबले के साथ आईएसएल में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। रयान विलियम्स के एकमात्र गोल ने बेंगलुरु को जीत दिलाई, जिससे टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई।

जमशेदपुर एफसी के खिलाफ शनिवार को यहां बेंगलुरु एफसी की 1-0 की जीत के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज स्ट्राइकर सुनील छेत्री इंडियन सुपर लीग फुटबॉल के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। जमशेदपुर एफसी ने मैच के बड़े हिस्से में दबदबा बनाए रखा, लेकिन पहले हाफ में बेंगलुरु एफसी के रयान विलियम्स द्वारा 38वें मिनट में किया गया गोल निर्णायक साबित हुआ।

बेंगलुरु एफसी ने 41 वर्षीय छेत्री को शुरुआती एकादश में शामिल नहीं किया था, लेकिन वह 85वें मिनट में नामग्याल भूटिया की जगह मैदान पर आए और 195 मैचों के साथ आईएसएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। दिग्गज स्ट्राइकर ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। इस जीत के साथ बेंगलुरु एफसी 12 मैचों में 20 अंकों के साथ आईएसएल तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई, जबकि जमशेदपुर एफसी 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है। ईस्ट बंगाल एफसी और मोहन बागान सुपर जायंट शीर्ष दो टीमों के साथ बराबरी पर हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़