Haryana Congress Karnal में मंगलवार को तय करेगी संगठनात्मक रणनीति

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा कांग्रेस मंगलवार को करनाल में राज्यस्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित करने जा रही है। इस बैठक में 26 नवंबर को संविधान बचाओ मार्च और वोट रक्षक कार्यक्रम की शुरुआत की तैयारियों पर चर्चा होगी। पार्टी के राज्य मामलों के प्रभारी संजय दत्त इसमें बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

कांग्रेस की हरियाणा इकाई आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को करनाल में एक बैठक करेगी। पार्टी के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला कांग्रेस महासचिव (संगठन), सभी आनुषांगिक संगठनों, प्रदेश कांग्रेस के प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रदेश स्तरीय अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।

इस बैठक में मुख्य रूप से 26 नवंबर (संविधान दिवस) के संविधान बचाओ मार्च की तैयारियों, वोट रक्षक कार्यक्रम की शुरुआत और पूरे हरियाणा में जारी वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल अभियान की समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राव नरेंद्र सिंह करेंगे। पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में इसमें शामिल होंगे।

सोमवार को, संजय दत्त ने राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ एक बैठक की, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी की प्रदेश इकाई के अनुसार, नेताओं ने राज्य में जारी वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ चौपाल अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और इसे जनता से मिल रहे उत्साह एवं समर्थन पर संतोष व्यक्त किया। इसने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र के बचाव में, और चुनावी गड़बड़ियों तथा वोट चोरी के खिलाफ जनमत तैयार करना है।

इसके बाद, दत्त ने कांग्रेस महासचिवों कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला, रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों, सांसदों और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श किया। चर्चा आगामी कार्यक्रमों की तैयारी, संगठनात्मक रणनीति और उनके सफल क्रियान्वयन के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर केंद्रित रही। वरिष्ठ नेताओं से सुझाव भी मांगे गए।

दत्त ने कहा कि करनाल में होने वाली यह बैठक आगामी कार्यक्रमों के लिए एक स्पष्ट संगठनात्मक दिशा तय करने और पार्टी की जिला इकाइयों, आनुषांगिक संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़