Udayveer Sidhu ने काहिरा में ISSF World Cup 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड मेडल

Udayveer Sidhu ने काहिरा में ISSF World Cup 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड मेडल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय निशानेबाज उदयवीर सिद्धू ने काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया है। 24 वर्षीय उदयवीर ने फाइनल में 240.6 अंक जुटाकर जर्मनी के क्रिस्टियन रिट्ज को बेहद करीबी मुकाबले में 0.5 अंक से पीछे छोड़ा। अंतिम दो शॉट में 10.2 और 9.8 अंक साधकर उन्होंने खिताब अपने नाम कर लिया।

भारत के उदयवीर सिद्धू ने रविवार को यहां आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल विश्व कप की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चौबीस वर्षीय उदयवीर ने फाइनल में 240.6 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उदयवीर ने जर्मनी के क्रिस्टियन रिट्ज (240.1) को 0.5 अंक से पछाड़ा जिन्होंने रजत पदक जीता।

इटली के पाओलो मोन्ना (219.8) ने कांस्य पदक जीता। उदयवीर ने अंतिम चरण में दबाव के बीच संयम बनाए रखा। आखिरी दो शॉट से पहले वह रिट्ज से 0.3 अंक पीछे थे लेकिन भारतीय निशानेबाज ने 10.2 और 9.8 अंक के शॉट लगाए।

वहीं, रिट्ज के दोनों शॉट में 9.6 अंक के रहे जिससे उदयवीर ने आखिरी शॉट पर जीत दर्ज की। उदयवीर ने इससे पहले क्वालीफिकेशन दौर में 585 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। उन्होंने छह सीरीज में 99, 98, 98, 97, 97, 96 अंक जुटाए।

प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे एक अन्य भारतीय निशानेबाज जोनाथन गेविन एंटनी क्वालीफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहे लेकिन वह केवल रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। उन्होंने शीर्ष पर रहे पाओलो के समान अंक जुटाए थे। भारत के अजेंद्र सिंह चौहान (580 अंक) और सरबजोत सिंह (574 अंक) क्वालीफिकेशन में क्रमशः 14वें और 31वें स्थान पर रहे और आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे।

केवल रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे कुमार योगेश ने 573 अंक जुटाए। फाइनल में तुर्की के पेरिस 2024 ओलंपिक पदक विजेता यूसुफ डिकेच ने भी हिस्सा लिया जो 138.0 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। यूनान के जॉर्जियोस गाम्पिएराकिस 198.7 अंक के साथ चौथे जबकि लातविया के एमिल्स वासरमानिस 177.6 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़