Ranji Trophy: व्यक्तिगत प्रदर्शन को टीम सफलता में बदलें खिलाड़ी, कोच Vijay Dahiya की सलाह

दिल्ली रणजी टीम के मुख्य कोच विजय दहिया ने खिलाड़ियों से रणनीति पर भरोसा रखकर एकजुट होकर खेलने का आह्वान किया है। उन्होंने कप्तान आयुष बडोनी को आगे बढ़कर नेतृत्व करने और ऋषभ पंत की उपलब्धता पर आधिकारिक सूचना न होने की बात कही।
(कुशान सरकार) नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर दिल्ली की रणजी टीम के मुख्य कोच विजय दहिया ने कहा कि उनके खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभाएं और उन्हें व्यक्तिगत प्रदर्शन को सामूहिक सफलता में बदलना होगा। दिल्ली की टीम खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा होने के बावजूद संघर्ष करती रही है। रणजी ट्रॉफी के नए सत्र में उसका पहला मुकाबला बंगाल से होगा।
दिल्ली के मुख्य कोच के रूप में तीसरी बार पदभार संभालने के बाद दहिया ने पीटीआई से कहा, ‘‘फिर से इस टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमें लंबी अवधि के प्रारूप में बदलाव करने की जरूरत है। खिलाड़ियों को यह बात समझनी होगी कि इस प्रारूप के लिए क्या जरूरी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट एक टीम गेम है जिसमें खिलाड़ी व्यक्तिगत प्रदर्शन करते हैं।
खिलाड़ियों को इस व्यक्तिगत प्रदर्शन को सामूहिक सफलता में बदलना होगा।’’ दहिया ने कहा कि पेशेवर क्रिकेट में चयन को लेकर बहस होना स्वाभाविक है, क्योंकि कुछ खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण मैच जीतने की क्षमता के कारण लंबे समय तक खेलने का मौका मिलता है। वह चाहते हैं कि दिल्ली के खिलाड़ी निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल हों और टीम की रणनीति पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा, ‘‘रणनीति बनाना महत्वपूर्ण होता है लेकिन उस पर अमल करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को इस पर विश्वास होना चाहिए।
अगर खिलाड़ी टीम की रणनीति में दिलचस्पी नहीं रखते हैं, तो यह काम नहीं करेगी।’’ दहिया ने इसके साथ ही कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की उपलब्धता के बारे में उन्हें कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस टीम में ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी का साथ पाकर बहुत खुश होंगे। इस प्रारूप में वह एक ही सत्र में खेल का रुख बदल सकते हैं।’’ दहिया चाहते हैं कि कप्तान आयुष बडोनी आगे बढ़कर नेतृत्व करें।
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी जिम्मेदारी दिल्ली की कप्तानी अच्छे से निभाना है। लेकिन कप्तान होने से पहले वह टीम के मुख्य बल्लेबाजों में से एक हैं और उन्हें उसी के अनुरूप प्रदर्शन करना होगा।
अन्य न्यूज़














