Airtel Africa पर भारती एयरटेल का बड़ा दांव, ₹28,200 करोड़ की Mega Deal से हिस्सेदारी 79% हुई

Bharti Airtel
AI Generated

भारती एयरटेल ने एक नकद-रहित शेयर अदला-बदली सौदे के तहत एयरटेल अफ्रीका में अपनी हिस्सेदारी 16.31% बढ़ाकर लगभग 79% कर ली है। इस 28,200 करोड़ रुपये के लेनदेन से कंपनी को बिना किसी अतिरिक्त कर्ज के एक उच्च-विकास वाली संपत्ति में अपनी आर्थिक हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिली है।

दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने शेयर अदला-बदली समझौते के जरिये एयरटेल अफ्रीका में अपनी हिस्सेदारी 16.31 प्रतिशत बढ़ाकर लगभग 79 प्रतिशत कर ली है। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस सौदे का मूल्य करीब 28,200 करोड़ रुपये आंका गया है। इस लेनदेन से पहले भारती एयरटेल की एयरटेल अफ्रीका में हिस्सेदारी 62.73 प्रतिशत थी। कंपनी सूचना के अनुसार, ‘‘ कंपनी ने 22 जून 2026 को आईसीआईएल से एयरटेल अफ्रीका के 595,204,251 शेयर (करीब 16.3 प्रतिशत हिस्सेदारी) का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।

इसके परिणामस्वरूप कंपनी की प्रभावी हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 79 प्रतिशत हो गई है।’’ इस लेनदेन के तहत भारती एयरटेल ने अपने प्रवर्तक समूह की इकाई इंडियन कॉन्टिनेंट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड को तरजीही आधार पर शेयर जारी किए, जिसके बदले में एयरटेल अफ्रीका में उसकी 16.31 प्रतिशत हिस्सेदारी अधिग्रहित की गई।

बयान के अनुसार, यह लेनदेन एक नकद-रहित शेयर अदला-बदली है जो कंपनी को बिना किसी अतिरिक्त उधारी या नकद निकासी का एक बड़ा हिस्सा अधिग्रहित करने और एक उच्च-विकास वाली परिसंपत्ति में अपना आर्थिक हित बढ़ाने का अवसर देता है। भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के परिणामों की घोषणा करते समय समूह कंपनियों में प्रवर्तकों की हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना का उल्लेख किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़