IBSF World Snooker: इंदौर में खिताब जीतकर Anupama Ramachandran ने रचा इतिहास

IBSF World Snooker: इंदौर में खिताब जीतकर Anupama Ramachandran ने रचा इतिहास
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

इंदौर के यशवंत क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से मात दी। वह लगातार दो बार विश्व स्नूकर चैंपियनशिप जीतने वाली देश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। पुरुष वर्ग में ईरान के अली घराहगोजलू चैंपियन बने, जबकि पंकज आडवाणी को कांस्य पदक मिला।

भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने लगातार दूसरी बार आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप की विजेता बनने के बाद शनिवार को कहा कि खिताब का बचाव करना पहली बार इसे जीतने से भी ज्यादा खास है और भारत में घरेलू मैदान पर ऐसा करना उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। अनुपमा ने यहां यशवंत क्लब में खेली गई स्पर्धा के फाइनल में हांगकांग चीन की सो मैन यान को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही, वह लगातार दो बार विश्व स्नूकर चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

जीत के बाद अनुपमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘खिताब जीतना अपने आप में बेहद खास है, लेकिन उसका बचाव करना उससे भी ज्यादा खास है। भारत में अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतना इसे और खास बना देता है।’’ उन्होंने कहा कि फाइनल में पहला फ्रेम गंवाने के बाद उन्होंने खुद को इस स्थिति से उबारते हुए मुकाबले में वापसी की। अनुपमा ने कहा कि वह अब आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलने की तैयारी करेंगी और इस स्पर्धा में भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं।

अनुपमा को खिताबी जीत के लिए 4,000 डॉलर मिले। पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के अली घराहगोजलू ने हांगकांग चीन के टैम युन फुंग को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह के बाद घराहगोजलू ने कहा, ‘‘मैंने फाइनल के दौरान मन ही मन कहा कि मुझे यह खिताब जीतना ही है।

इस तरह मैंने खुद को जीत के लिए प्रोत्साहित किया।’’ सेमीफाइनल में भारत के पंकज आडवाणी को 5-3 से हराने वाले ईरान के इस खिलाड़ी ने फाइनल में भी यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिताब के साथ 10,000 डॉलर की पुरस्कार राशि भी अपने नाम की। दिग्गज क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी आडवाणी बिलियर्ड्स और स्नूकर में कुल 29 विश्व खिताब जीत चुके हैं।

हालांकि, आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में वह तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। आडवाणी ने कहा,‘‘खेल में हार-जीत लगी रहती है। ईरान के अली घराहगोजलू ने शानदार खेल दिखाया और मैं उन्हें खिताबी जीत की बधाई देता हूं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़