सस्ते Crude Oil ने Share Market में भरी जान, Sensex 400 अंक उछला, Nifty भी नए स्तर पर

 Indian Stock Market
प्रतिरूप फोटो
AI Image

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और सकारात्मक वैश्विक संकेतों के दम पर भारतीय शेयर बाजारों में तेजी आई, जिसमें सेंसेक्स और निफ्टी ने शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की। विदेशी निवेशकों की लिवाली और रिलायंस व एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में खरीदारी ने बाजार की धारणा को मजबूती प्रदान की।

 कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुझानों से सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। विदेशी निवेशकों के पूंजी प्रवाह और रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा एचडीएफसी बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर में खरीदारी ने भी निवेशकों की धारणाओं को मजबूत किया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 407.12 अंक चढ़कर 77,210.02 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 114.75 अंक की तेजी के साथ 24,129.95 अंक पर रहा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और एचसीएल टेक के शेयर लाभ में रहे। वहीं टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को ‘जूनटीन्थ’ अवकाश के कारण बंद थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.36 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 4,859.07 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स शुक्रवार को 607.08 अंक और निफ्टी 154.90 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़