CtrlS Datacenters बिहार में लगाएगी 150 MW का AI डेटा सेंटर, 10,000 करोड़ का निवेश

कंपनी ने राज्य सरकार के साथ 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से 150 मेगावाट क्षमता वाला विशाल डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना का व्यावसायिक परिचालन वर्ष 2029-30 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे करीब 400 प्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे और इसके लिए 100 एकड़ जमीन की जरूरत होगी।
कंट्रोलएस डेटा सेंटर्स बिहार में 150 मेगावाट क्षमता वाले कृत्रिम मेधा (एआई) डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रही है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा, ‘‘पिछले महीने बिहार सरकार के साथ आशय पत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद कंट्रोलएस डेटा सेंटर्स ने शुक्रवार को राज्य सरकार के साथ 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से बिहार में 150 मेगावाट क्षमता वाले बड़े पैमाने के एआई डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।’’ बयान के मुताबिक, प्रस्तावित एआई आधारित डेटा सेंटर का लक्ष्य 2029-30 तक व्यावसायिक परिचालन शुरू करना है। इससे 400 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिसमें से 100 नौकरियां डेटा सेंटर परिसर में और 300 नौकरियां वहां सेवाएं लेने वाले ग्राहकों के स्तर पर होंगी।
कंट्रोलएस डेटा सेंटर्स ने कहा कि डेटा सेंटर के लिए 100 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। इसके लिए 220/400 केवी के बिजली उपकेंद्र के नजदीक, प्राथमिकता के आधार पर पटना या उसके आसपास की जगह चुनी जाएगी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पिछले महीने पटना में कंट्रोलएस के 400 करोड़ रुपये की लागत से बने एआई और क्लाउड आधारित डेटा सेंटर का उद्घाटन किया था।
अन्य न्यूज़













