Chandigarh Municipal Corporation चुनाव 23 दिसंबर को, आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू

Chandigarh Municipal Corporation चुनाव 23 दिसंबर को, आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय कुमार देव ने चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के लिए चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। शहर में नामांकन की प्रक्रिया 26 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलेगी, जबकि मतों की गिनती 26 दिसंबर को होगी।

चंडीगढ़ नगर निगम (सीएमसी) के 35 वार्डों के लिए चुनाव 23 दिसंबर को होंगे और मतों की गिनती 26 दिसंबर को की जाएगी। चंडीगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय कुमार देव ने शुक्रवार को यहां चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तीन दिसंबर है।

नामांकन पत्रों की जांच चार दिसंबर को होगी, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख सात दिसंबर है। सभी 35 वार्डों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इन वार्डों में पांच साल बाद चुनाव हो रहे हैं।

फिलहाल नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बहुमत है। आयोग ने फिलहाल चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की वर्तमान मतदाता सूची को अपनाया है। इन चुनावों में 4.60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं।

इनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। कुल मतदाताओं में 100 वर्ष से अधिक आयु के 23 और 85 वर्ष से अधिक आयु के 9,177 मतदाता हैं। देव ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 576 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़